Bihar News: जमुई में नाबालिग छात्रा के साथ छेड़छाड़ और अभद्रता करने वाले मुख्य आरोपी नंदन यादव का हॉफ एनकाउंटर होने के बाद से बिहार में आरोपी की जाति को लेकर राजनीति तेज हो गई है। केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने तो यहां तक कह दिया कि बिहार के जेलों में 70 फिसदी तक एक ही जाति के अपराधी मिलेंगे। मांझी के इस बयान पर महागठबंधन के सहयोगी और सहरसा से विधायक आईपी गुप्ता कि कड़ी प्रतिक्रिया सामने आई है।

आईपी गुप्ता की तीखी प्रतिक्रिया

आईपी गुप्ता ने सोशल मीडिया एक्स पर जीतन राम मांझी को टैग करते हुए अपनी पोस्ट में लिखा कि, आदरणीय जीतन राम मांझी जी वो जमुई की बेटी है, हमारी जिगर का टुकड़ा। एकदमे निर्लज्ज हो गए हैं। अपराधी का कोई जाति नहीं होता। लगता है तेजस्वी यादव का वो “MLC मुक्का” नहीं भूले जिससे आपका बेटा माननीय बन गया और अगर यादव भाई लोगों को ज्यादा याद कीजियेगा, तो बथान पर से टटका गोबर लाकर मुंहा में ठूंसकर श्री जीतनराम मांझी जी से जीतना मांझी बना देगा।

मंत्री अशोक चौधरी का बयान

मंत्री अशोक चौधरी ने जमुई छेड़छाड़ मामले पर कहा कि, अपराधी चाहें भाजपा से है, कांग्रेस से है या राजद से है या वो किसी भी राजनीतिक दल से है, जिस प्रकार की घटना हुई है, उसमें क्षमा का कोई प्रावधान नहीं है। उन्होंने कहा कि, सम्राट चौधरी की सरकार ने बहुत अच्छा काम किया है। महिलाओं में विश्वास जगाने का काम किया है। नीतीश कुमार के समय से जिस तरह से कानून का राज स्थापित था, आगे भविष्य में भी कानून का राज स्थापित रहेगा।

हाफ नहीं, अपराधी का हो फुल एनकाउंटर- राजद

जमुई में छात्रा के साथ हुई शर्मनाक बदसलूकी की घटना ने पूरे राज्य की राजनीति में भूचाल ला दिया है। राजधानी पटना से लेकर राजभवन तक विरोध के स्वर गूंज उठे हैं। मुख्य विपक्षी दल राजद (RJD) की महिला विंग सड़कों पर उतरकर सरकार के खिलाफ आक्रामक प्रदर्शन कर रही है, वहीं निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने भी राज्यपाल से मिलकर कड़े एक्शन की मांग की है।

​पटना में राजद कार्यालय से इनकम टैक्स चौराहे तक निकाले गए विरोध मार्च के दौरान राजद नेत्री सागरिका पासवान ने सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने दो टूक कहा कि जमुई कांड के आरोपी का ‘हाफ नहीं, फुल एनकाउंटर’ होना चाहिए।

मांझी के इस बयान से मचा है सियासी बवाल

जीतन राम मांझी ने कहा कि, तेजस्वी यादव हमेशा कहा करते हैं कि बिहार के यादव और उत्तर प्रदेश के यादव सब मेरे भाई हैं। बड़ी अच्छी बात है। मानना चाहिए, कहना चाहिए, मैं भी कहता हूं। लेकिन अगर उन्हीं में कुछ लोग गलत काम करते हैं, तो वह ऐसा न कहें कि फिर यादव को ही चुन करके बिहार की सरकार ऐसा कर रही है। इसलिए आगे कोई ऐसी दुर्घटना न घटे, इसलिए अपने प्रिय भाइयों को कम से कम वह समझा दें कि ऐसा घटना करोगे, तो अंजाम वही होगा, जो जमुई में नंदन यादव का हुआ।

जीतन राम मांझी ने कहा कि, आज बिहार के जेलों में जाइए, तो 70 प्रतिशत एक समाज के लोग आते हैं। चाहे बलात्कार का मामला हो, भूमि हड़पने का मामला हो, हत्या का मामला हो, यह सारे केसों में 70 प्रतिशत लोग, जो रिकॉर्ड है, सरकारी रिकॉर्ड है, कह सकते हैं कि एक ही राजनीतिक दल के लोग होते हैं। मांझी ने कहा कि अब तेजस्वी यादव कहेंगे की सम्राट चौधरी ने मेरे भाई (नदंन यादव) को गोली मरवा दिया। केंद्रीय मंत्री के इस बयान को लेकर राजद के नेता लगातार हमलावर हैं।

ये भी पढ़ें- भागलपुर की कॉलोनी में बगीचे से मिला दफनाया हुआ शव, इलाके में फैली सनसनी