बेगूसराय। जिले के एनएच-31 फोरलेन पर बीहट रतन चौक के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से एक साइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई जबकि कार में सवार एक ही परिवार के छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जो हादसे की भयावहता को बयां कर रहा है।
कैसे हुई घटना?
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार (DL 10CQ-5911) बीहट से जीरोमाइल की ओर जा रही थी। रतन चौक के पास पहुंचते ही चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया। अनियंत्रित कार ने सड़क किनारे साइकिल से जा रहे बीहट मंझलीवन निवासी रमेश पासवान (पिता: शिव पासवान) को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि रमेश पासवान की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
सिलसिलावार तरीके से टकराईं गाड़ियां
बेकाबू कार यहीं नहीं रुकी। साइकिल सवार को कुचलने के बाद वह सड़क किनारे खड़ी एक अन्य कार (BR 01KB 5948) और आगे चल रही एक फॉर्च्यूनर से जा टकराई। अंत में, कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे झाड़ियों में स्थित एक पेड़ से टकराकर रुक गई। गनीमत यह रही कि जिन दो अन्य गाड़ियों को टक्कर लगी, उनके सवार उस समय पास के एक होटल में खाना खा रहे थे, जिससे बड़ी जनहानि टल गई।
दरभंगा लौट रहा था परिवार
घायलों की पहचान दरभंगा के नवटोलिया बरारी उजान निवासी एक ही परिवार के रूप में हुई है। ये सभी राजगीर भ्रमण के बाद वापस घर लौट रहे थे। सूचना मिलते ही एफसीआई थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया।
घायलों की स्थिति गंभीर
इस हादसे में कार सवार सभी छह सदस्य गंभीर रूप से जख्मी हुए हैं:
- विपिन कुमार सिंह (26): रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोट।
- त्रिवेणी देवी (48): स्पाइन इंजरी के कारण दोनों पैरों ने काम करना बंद कर दिया है।
- अंशु सिंह (25): रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोट।
- सोनी देवी (65): सिर में गंभीर चोट और दाहिने हाथ की हड्डी टूटी।
- गीता देवी (45): बायां हाथ और पैर फ्रैक्चर।
- अक्षथ कुमार (5): चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अग्रिम कार्रवाई में जुटी है।

