बेगूसराय। जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। रविवार की रात बरौनी नगर परिषद क्षेत्र के सिंधिया चौक के पास बेखौफ बदमाशों ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता और पूर्व जिला परिषद सदस्य मो. सिकंदर अली (43) को गोली मार दी। इस हमले में सिकंदर अली गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
कैसे हुई पूरी वारदात?
घटना के संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार मो. सिकंदर अली रविवार रात अपने घर से बरौनी बाजार की ओर निकले थे। वे सिंघिया चौक के समीप पहुंचे ही थे कि पहले से घात लगाए बैठे तीन बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। इससे पहले कि वे कुछ समझ पाते, हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। दो गोलियां उनके कंधे और कमर में लगीं। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए।
अस्पताल में स्थिति नाजुक
गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और खून से लथपथ हालत में उन्हें बरौनी स्थित लाइफ लाइन अस्पताल एंड रिसर्च सेंटर ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक उनकी स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है।
पुलिस जांच और पुराना विवाद
घटना की सूचना मिलते ही तेघड़ा डीएसपी कृष्ण कुमार के नेतृत्व में फुलवरिया और आसपास के थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल की घेराबंदी कर ली है और साक्ष्य जुटा रही है। जांच के दौरान यह बात सामने आई है कि हमलावरों के साथ सिकंदर अली का पुराना विवाद चल रहा था। पीड़ित ने पुलिस और परिजनों को हमलावरों के नाम भी बताए हैं जिसके आधार पर पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। डीएसपी कृष्ण कुमार ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है, जल्द ही सभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
राजनीतिक जगत में आक्रोश
इस घटना को लेकर इलाके में भारी तनाव है। राजद जिलाध्यक्ष मोहित यादव ने इस हमले की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि सिकंदर अली राजद के एक वरिष्ठ नेता और बरौनी नगर परिषद के अध्यक्ष हैं। यह एक बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक घटना है। राजद नेताओं ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि नामजद अपराधियों को अविलंब गिरफ्तार किया जाए अन्यथा पार्टी सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करेगी।

