बेगूसराय। रोसड़ा स्टेट हाईवे-55 पर तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला। खोदावंदपुर थाना क्षेत्र के वरियापुर गांव के पास सोमवार रात एक अनियंत्रित मारुति कार ने बाइक सवार युवक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि युवक बाइक समेत सड़क पर दूर जा गिरा और उसके सिर में गंभीर चोट लग गई। स्थानीय लोग उसे आनन-फानन में अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
तेज रफ्तार कार ने उसे अपनी चपेट में ले लिया
मृतक की पहचान मिर्जापुर गांव निवासी मिंकू दास के 22 वर्षीय पुत्र रोहित कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रोहित दिल्ली में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। वह दो भाइयों में सबसे बड़ा था और घर की जिम्मेदारी उसी के कंधों पर थी। कुछ दिन पहले ही वह दिल्ली से गांव लौटा था। सोमवार रात वह बरियारपुर से बाइक पर सवार होकर अपने गांव लौट रहा था, तभी तेज रफ्तार कार ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।
रास्ते में ही दम तोड़ दिया
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार रोसड़ा की ओर तेज गति से जा रही थी। इसी दौरान चालक ने पीछे से बाइक में टक्कर मार दी। हादसे के बाद आरोपी चालक कार लेकर मौके से फरार हो गया। टक्कर की आवाज सुनते ही आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल रोहित को खोदावंदपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि अत्यधिक खून बहने के कारण उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
जवान बेटे की मौत से परिवार में कोहराम
घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे। जवान बेटे की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। गांव में भी मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने हादसे को लेकर आक्रोश जताते हुए प्रशासन से हाईवे पर स्पीड ब्रेकर बनाने और वाहनों की गति नियंत्रित करने की मांग की है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया। खोदावंदपुर थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि फरार वाहन और चालक की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। परिजनों से आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

