पूर्वी चम्पारण/सोहराब आलम। पूर्वी चंपारण के मोतिहारी स्थित इंजीनियरिंग कॉलेज में छात्रा की संदिग्ध मौत मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। जांच में प्रेम-प्रसंग और आपसी विवाद के बाद आत्महत्या की बात सामने आई है। मामले में पुलिस ने मृतका के प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार युवक की पहचान मुंगेर जिले के हवेली खड़गपुर थाना क्षेत्र निवासी रॉबिन राजन के रूप में हुई है।

हॉस्टल के कमरे में फंदे से लटका मिला था

जानकारी के अनुसार मुजफ्फरपुर जिले के ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र स्थित लक्ष्मी चौक निवासी प्रदीप कुमार की पुत्री रिम्मी कुमारी मोतिहारी के इंजीनियरिंग कॉलेज में पांचवें सेमेस्टर की छात्रा थी। बीते 21 मई को उसका शव कॉलेज हॉस्टल के कमरे में फंदे से लटका मिला था। घटना के बाद कॉलेज परिसर में हड़कंप मच गया था। सूचना मिलने पर मुफस्सिल थाना पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

पुलिस को कई अहम सुराग मिले।

छात्रा के पिता ने बेटी की हत्या की आशंका जताते हुए मुफस्सिल थाना में आवेदन दिया था। इसके आधार पर कांड संख्या-327/26 दर्ज कर पुलिस ने विशेष टीम का गठन किया। तकनीकी जांच और मोबाइल डाटा खंगालने के दौरान पुलिस को कई अहम सुराग मिले।
जांच में सामने आया कि रिम्मी कुमारी और रॉबिन राजन के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था। हालांकि हाल के दिनों में दोनों के बीच विवाद और ब्रेकअप की स्थिति बन गई थी। पुलिस के अनुसार आत्महत्या से पहले छात्रा ने दोपहर 1 बजकर 11 मिनट पर आरोपी युवक को फंदे वाली तस्वीर और “गुड बाय” मैसेज भेजा था। पूछताछ में आरोपी ने इस बात की पुष्टि भी की है।

गंभीरता से जांच की जा रही

घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।