सोहराब आलम/मोतिहारी। बिहार के मोतिहारी जिले से एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है, जहां दहेज के लोभी पति ने अपनी ही पत्नी को इतनी बेरहमी से पीटा कि उसकी एक आंख फूट गई। यह मामला शिकारगंज थाना क्षेत्र के सिरौना गांव का है। घटना के बाद पीड़िता को गंभीर स्थिति में मुजफ्फरपुर के एसकेएमसीएच (SKMCH) रेफर किया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
प्रेम विवाह के बाद शुरू हुई प्रताड़ना
पीड़िता गुड़िया कुमारी और आरोपी जगदीश मुखिया ने कुछ समय पहले घर से भागकर प्रेम विवाह किया था। बाद में परिजनों की सहमति से ग्राम कचहरी में इनकी विधिवत शादी कराई गई थी। लेकिन, शादी के कुछ समय बाद ही जगदीश का असली चेहरा सामने आ गया। वह आए दिन गुड़िया से दहेज के रूप में 3 लाख रुपये की मांग करने लगा। पैसों की मांग पूरी न होने पर वह अक्सर उसके साथ मारपीट करता था, जिससे तंग आकर गुड़िया कुछ दिनों से अपने मायके में रह रही थी।
साजिश के तहत घर बुलाकर किया हमला
परिजनों का आरोप है कि शनिवार की रात एक सोची-समझी साजिश रची गई। आरोपी जगदीश मुखिया, शत्रुघ्न मुखिया की पत्नी बच्ची देवी के बुलावे पर सिरौना पहुंचा। वहां उसने गुड़िया के साथ जमकर मारपीट की और उसकी आंख फोड़ दी। चीख-पुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी ने अपना काम कर दिया था।
112 पुलिस की त्वरित कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर पहुंचकर आरोपी पति जगदीश मुखिया को हिरासत में ले लिया। फिलहाल पुलिस उसे अपने कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रही पीड़िता
परिजनों ने तत्काल गुड़िया को ढाका रेफरल अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे मोतिहारी सदर अस्पताल रेफर किया गया। हालांकि, चोट की गंभीरता को देखते हुए वहां के डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उसे एसकेएमसीएच, मुजफ्फरपुर भेज दिया है। गुड़िया के पिता भरत मुखिया ने शिकारगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज करने के लिए आवेदन दिया है। थानाध्यक्ष गोपाल कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आरोपी पर सख्त कानूनी कार्रवाई कर रही है। यह घटना समाज में दहेज प्रथा के खिलाफ चल रही तमाम कोशिशों पर एक बड़ा तमाचा है।

