अजय शास्त्री, बेगूसराय। सोशल मीडिया पर तस्वीर अपलोड करने को लेकर विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। बखरी थाना क्षेत्र के छोटकी मौजी गांव में अज्ञात हमलावरों ने घर में सो रहे पति-पत्नी को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
ससुराल आए दम्पति पर हुआ जानलेवा हमला
मिली जानकारी के अनुसार, घायल पति की पहचान साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के राजेंद्र शाह के पुत्र छोटू कुमार के रूप में हुई है, जबकि उसकी घायल पत्नी का नाम करिश्मा पासवान है। छोटू कुमार अपनी पत्नी के साथ बखरी थाना क्षेत्र के छोटकी मौजी गांव स्थित अपने ससुराल आया हुआ था। आरोप है कि इसी दौरान आठ महीने पहले इंस्टाग्राम पर फोटो अपलोड करने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद अचानक गहरा गया और आरोपियों ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।
सोते वक्त बदमाशों ने बनाया निशाना
बताया जा रहा है कि पूर्व में इंस्टाग्राम पर फोटो लगाने को लेकर कुछ लोगों ने आपत्ति जताई थी, जिसके बाद दोनों पक्षों में तनाव उत्पन्न हो गया था। इसी रंजिश के चलते देर रात जब छोटू कुमार और उनकी पत्नी करिश्मा अपने कमरे में गहरी नींद में सो रहे थे, तभी कुछ अज्ञात हमलावरों ने उन्हें निशाना बनाकर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। अचानक हुई गोलीबारी से घर और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना के तुरंत बाद परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस जांच में जुटी, खंगाले जा रहे हैं साक्ष्य
घटना की सूचना मिलते ही बखरी थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और मामले की गंभीरता से छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल से फॉरेंसिक व अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटा रही है। साथ ही, घायलों के परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि हमले में कुल कितने लोग शामिल थे और इस पूरी साजिश के पीछे मुख्य मास्टरमाइंड कौन है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दम्पति के बयान दर्ज होने के बाद इस पूरे मामले की परतें और अधिक स्पष्ट हो सकेंगी तथा आरोपियों को जल्द ही सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।

