अजय शास्त्री/ बेगूसराय। एक दोस्त की शादी में शामिल होने जा रहे युवक की सड़क दुर्घटना में जान चली गई। तेघरा थाना क्षेत्र के गौशाला रोड पर हुई दो बाइकों की आमने-सामने की भिड़ंत ने न केवल एक हंसते-खेलते परिवार का चिराग बुझा दिया, बल्कि चार अन्य युवाओं को भी अस्पताल के बिस्तर पर पहुंचा दिया है।
रॉन्ग साइड से आती बाइक बनी काल
घटना के संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार, बरौनी फ्लैग (वार्ड नंबर 8) के निवासी कपिल देव सिंह का 24 वर्षीय पुत्र, विनीत कुमार, अपने एक मित्र के विवाह समारोह में शामिल होने के लिए समस्तीपुर जिले के विद्यापति नगर की ओर जा रहा था। विनीत अपनी मंजिल की ओर बढ़ ही रहा था कि तेघरा गौशाला रोड पर विपरीत दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दूसरी बाइक पर तीन युवक सवार थे और वे गलत दिशा से आ रहे थे।
टक्कर इतनी भीषण कि मौके पर ही थम गई सांसें
भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि विनीत की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग जब तक मौके पर पहुंचे, तब तक खून से लथपथ पांचों युवक सड़क पर तड़प रहे थे। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चार युवकों की स्थिति अब भी गंभीर बनी हुई है।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
विनीत की मौत की खबर जैसे ही उसके घर पहुंची, कोहराम मच गया। जिस घर से शादी की खुशियां मनाई जानी थी, वहां अब चीख-पुकार और मातम पसरा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया है।
प्रशासन के खिलाफ स्थानीय लोगों में आक्रोश
इस हादसे ने एक बार फिर यातायात नियमों के उल्लंघन और प्रशासन की शिथिलता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस मार्ग पर गलत दिशा में वाहन चलाना और तेज रफ्तार एक आम बात हो गई है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे संवेदनशील इलाकों में पुलिस गश्त बढ़ाई जाए और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई हो, ताकि भविष्य में किसी और ‘विनीत’ की जान न जाए।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

