बेगूसराय। शादी का झांसा देकर बुलाए जाने के बाद प्रेमिका के मुकरने पर एक युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना बेगूसराय जिले के लाखो थाना क्षेत्र की है। मृतक की पहचान लाखो थाना क्षेत्र के कोठिया गांव के रहने वाले 28 वर्षीय मोहम्मद समीर के रूप में हुई है। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

​कर्नाटक से घर लौटा था समीर

​मृतक मोहम्मद समीर कर्नाटक में रहकर बिल्डिंग कंस्ट्रक्शन का काम करता था। समीर की शादी करीब पांच साल पहले हो चुकी थी और उसकी एक बेटी भी है। परिवार वालों के मुताबिक, शादी के दो साल बाद से उसका अफेयर कोठिया गांव से करीब चार किलोमीटर दूर रमजानपुर में रहने वाली एक युवती से चल रहा था। परिजनों को इस रिश्ते की जानकारी करीब तीन महीने पहले ही हुई थी।

​शादी का झांसा देकर बुलाया गया था बेगूसराय

​परिजनों का आरोप है कि युवती और उसके परिवार वालों ने फोन करके समीर को कर्नाटक से बेगूसराय बुलाया था। उन्होंने समीर से कहा था कि वह आ जाए, तो वे दोनों की शादी (निकाह) करवा देंगे। इस बात से खुश होकर समीर अपनी नौकरी छोड़कर महज पांच-छह दिन पहले ही कर्नाटक से अपने घर लौटा था।

प्रेमिका के साथ मृतक मोहम्मद समीर की फाइल फोटो

​रमजानपुर पहुंचते ही प्रेमी जोड़े के अरमानों पर फिरा पानी

​मोहम्मद मतीन (मृतक के पिता) के अनुसार, शुक्रवार को समीर अपनी प्रेमिका से मिलने और शादी की बात पक्की करने रमजानपुर पहुंचा था। लेकिन वहां पहुंचते ही लड़की और उसके परिजनों ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया। इस धोखे से आहत होकर समीर वहां से चुपचाप निकल गया। देर रात तक जब वह घर नहीं लौटा और उसका फोन भी बंद आने लगा, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।

​रेलवे ट्रैक पर मिला क्षत-विक्षत शव

​खोजबीन के दौरान परिजनों को प्रेमिका के घर से महज 300 मीटर की दूरी पर रेलवे ट्रैक के पास समीर का शव मिला। ट्रेन की चपेट में आने से उसकी बॉडी के 10 टुकड़े हो चुके थे। सूचना मिलते ही लाखो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर बेगूसराय सदर अस्पताल में पोस्टमॉर्टम कराया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच कर रही है।