बलियापुर (धनबाद)। धनबाद के बलियापुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब ढांगी गांव के पास खेरबड़िया के सुनसान इलाके में एक विवाहिता का सिर कटा शव बरामद हुआ। शव मिलने की सूचना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस के मुताबिक, महिला का धड़ जिस स्थान पर पड़ा था, वहां से करीब 100 मीटर दूर खेत की आड़ में प्लास्टिक की बोरी के अंदर उसका कटा सिर बरामद किया गया। शव की स्थिति और घटनास्थल पर मिले सामान ने पूरे मामले को रहस्यमय बना दिया है।
घटनास्थल पर मिले कई संदिग्ध सामान
मृतका के धड़ से महज दो-तीन मीटर की दूरी पर लाल कपड़ा और अगरबत्ती के टुकड़े मिले। इसके अलावा गर्दन के कटे हिस्से पर मिट्टी लगी हुई थी।
वहीं, महिला का सिर जिस बोरी में मिला, उससे करीब पांच-छह मीटर की दूरी पर नया लाल साल और महिलाओं के गले में पहनी जाने वाली माला भी बरामद हुई। इन सामानों के मिलने के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
जादू-टोना और नरबलि की चर्चा, जांच में जुटी पुलिस
घटनास्थल से मिले लाल कपड़े, अगरबत्ती और अन्य सामानों को लेकर ग्रामीणों के बीच जादू-टोना और नरबलि जैसी चर्चाएं तेजी से फैल गईं। हालांकि, अभी तक पुलिस की जांच में ऐसी किसी बात की पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस फिलहाल महिला की पहचान, हत्या के कारण और वारदात में शामिल लोगों का पता लगाने में जुटी है। घटनास्थल से मिले सामान और अन्य साक्ष्यों को जांच का हिस्सा बनाया गया है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल कर रही है।



