मुकेश मेहता, बुधनी। सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती एक युवक के लिए महंगी साबित हुई। खुद को लड़की बताकर दोस्ती करने वाले एक युवक ने विश्वास का फायदा उठाते हुए डेढ़ साल में करीब 17 लाख रुपये की ठगी कर ली। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके कब्जे से नकदी, बैंक खाते में जमा राशि और महंगे मोबाइल समेत करीब 11 लाख का माल बरामद किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, बैतूल के भैरुंदा निवासी तनमय खंडेलवाल, सुदामापुरी की सोशल मीडिया के माध्यम से एक युवती के नाम से संचालित प्रोफाइल से पहचान हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और आरोपी ने फरियादी का विश्वास जीत लिया। इसके बाद उसने अलग-अलग बहानों से रुपये मांगना शुरू किया। ब्लैकमेलिंग और धोखाधड़ी के जरिए लगातार रकम ऐंठता रहा।

ये भी पढ़ें: एक क्लिक और लाखों का नुकसान: मोबाइल पर आई APK फाइल बनी मुसीबत, साइबर ठगों ने मिनटों में निकाले 6.62 लाख रुपये

फर्जी पहचान बनाकर फंसाया

जांच में खुलासा हुआ कि युवती बनकर बातचीत करने वाला व्यक्ति संजय मीणा, निवासी हासलपुर, जिला नर्मदापुरम था। आरोपी ने फर्जी पहचान बनाकर फरियादी को अपने जाल में फंसाया और करीब डेढ़ वर्ष में विभिन्न ट्रांजेक्शन के जरिए से लगभग 17 लाख रुपये अपने कब्जे में कर लिए। जब फरियादी को अपने साथ हुई ठगी का एहसास हुआ तो उसने भैरुंदा थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर तकनीकी जांच और साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ जारी

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 7 लाख रुपये नकद, बैंक खाते में जमा 2 लाख 15 हजार रुपये फ्रीज कराए हैं। इसके अलावा ठगी की रकम से खरीदा गया आईफोन 17 प्रो, एक अन्य मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। इस तरह कुल करीब 11 लाख रुपये का माल बरामद किया गया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया है। शेष राशि और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है।

अपील

सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से दोस्ती करते समय सतर्क रहें और बिना सत्यापन किसी पर भरोसा न करें, नहीं तो आप भी साइबर ठगी का शिकार हो सकते हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m