संजय पाटीदार, भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के अशोका गार्डन क्षेत्र में एक गृहणी महिला साइबर ठगी का शिकार हो गई। मोबाइल पर आई संदिग्ध एपीके (APK) फाइल को खोलते ही साइबर अपराधियों ने फोन का रिमोट एक्सेस हासिल कर लिया और कुछ ही मिनटों में बैंक खाते से 6.62 लाख रुपये अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर दिए।
पुलिस के मुताबिक, सुंदर नगर निवासी रेनू शर्मा के मोबाइल पर 16 जून को एक एपीके फाइल आई थी। अनजाने में उस फाइल को खोलने के बाद ठगों ने मोबाइल और बैंकिंग ऐप्स पर नियंत्रण कर लिया। इसके कुछ देर बाद खाते से पैसे निकलने के संदेश आने लगे। परिजनों ने जांच की तो पता चला कि खाते से कुल 6.62 लाख रुपये ट्रांसफर हो चुके हैं। बताया गया है कि खाते में प्लॉट रजिस्ट्री के लिए करीब 15 लाख रुपये जमा थे। मामले की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ साइबर धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ये भी पढ़ें: UCC मसौदे को अंतिम रूप देने की कवायद: भोपाल में अहम बैठक, मानसून सत्र में आ सकता है बिल
अपील
मोबाइल फोन में किसी भी एपीके (APK) फाइल को डाउनलोड और इंस्टॉल न करें। अनजान जगहों से मिली इन फाइलों में वायरस, मैलवेयर या अन्य हानिकारक सॉफ्टवेयर हो सकते हैं। जिससे आपके मोबाइल की सुरक्षा, व्यक्तिगत जानकारी और बैंकिंग संबंधी डेटा खतरे में पड़ सकते हैं। इसके साथ ही किसी भी एप्लीकेशन को इंस्टॉल करने से पहले उसकी अनुमतियों (Permissions) की जांच जरूर करें। किसी भी संदिग्ध लिंक या फाइल पर क्लिक करने से हमेशा बचें। सुरक्षित और सतर्क रहे और साथ ही दूसरों को भी इसे लेकर जागरुक करें।

