राकेश चतुर्वेदी, बैतूल/भोपाल। विज्ञान और तकनीक के इस दौर में भी समाज के भीतर बैठा अंधविश्वास का जिन्न मासूमों की जिंदगी निगल रहा है। मध्य प्रदेश के बैतूल जिले से एक ऐसा रोंगटे खड़े कर देने वाला वाकया सामने आया है जिसने यह साबित कर दिया है कि अज्ञानता और तंत्र-मंत्र का नशा इंसान को हैवान बना देता है। मुलताई थाना क्षेत्र के ग्राम ताईखेड़ा में महज एक अंधविश्वास और सनक के चलते दो लोगों ने 12 साल के मासूम बच्चे अंकुश आहके की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए महज 48 घंटे के भीतर इस सनसनीखेज और खौफनाक हत्याकांड का पर्दाफाश कर दोनों ओझा-तांत्रिक प्रवृत्ति के हत्यारों को गिरफ्तार कर लिया है।
‘तुम्हारी मां जादू-टोना करती है, इसलिए हमारे बच्चे नहीं हो रहे…’
मुलताई पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपियों सुदामा इनवाती और राकेश उइके ने पूछताछ में जो खुलासा किया, उसने अंधविश्वास के भयानक चेहरे को सामने ला दिया है। आरोपियों ने बताया कि उन्हें मृतक बच्चे की मां पर शक था कि वह ‘जादू-टोना’ करती है। आरोपियों के मन में यह अंधविश्वास बैठ चुका था कि इसी कथित जादू-टोने के कारण उनके परिवार में वर्षों से कोई संतान पैदा नहीं हो रही है।
खेलने के बहाने जंगल ले गए, रॉड से वार कर घोंटा गला
वारदात की शुरुआत 20 जून को हुई, जब गांव का ही सुदामा इनवाती 12 वर्षीय अंकुश को खेलने के बहाने अपने साथ बुलाकर ले गया। मासूम बच्चा बिना यह जाने कि वह अपने ही मौत के सौदागर के साथ जा रहा है, उसके साथ चला गया। आरोपी उसे सालईढाना के घने जंगल में ले गए। वहां दोनों ने मिलकर पहले बच्चे पर लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ हमला किया और फिर रस्सी से गला घोंटकर उसकी निर्मम हत्या कर दी।

बोरी में बंद कर नाले में फेंका शव
हैवानियत की हद पार करते हुए आरोपियों ने हत्या के बाद मासूम अंकुश के शव को एक बोरी में ठूंसकर बांधा और साक्ष्य छुपाने के लिए जंगल के एक गहरे नाले में फेंक दिया। जब बच्चा घर नहीं लौटा, तो मां संगीता आहके ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। एसपी वीरेंद्र जैन के निर्देशन में बनी स्पेशल टीम ने जब संदेही सुदामा को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, तो अंधविश्वास की यह खूनी कहानी सामने आ गई। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर नाले से शव बरामद कर लिया है।

अंधविश्वास और अफवाहों से बचें, कानून हाथ में न लें: एसपी
इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद बैतूल एसपी वीरेंद्र जैन ने समाज से अपील की है कि समाज में फैली जादू-टोना, डायन या अंधविश्वास जैसी कुरीतियों और अफवाहों से लोग पूरी तरह दूर रहें। यह अज्ञानता सिर्फ और सिर्फ विनाश की ओर ले जाती है। यदि किसी को कोई शंका या विवाद है, तो पुलिस और कानून की मदद लें। इस मामले के आरोपियों को सख्त से सख्त सजा दिलाई जाएगी ताकि समाज में एक कड़ा संदेश जाए।

