प्रमोद कुमार, कैमूर। भभुआ के बाल सुधार गृह में विचाराधीन 16 वर्षीय किशोर रुस्तम राईन की संदिग्ध मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। घटना के विरोध में बुधवार को परिजनों और स्थानीय लोगों ने मृतक को इंसाफ दिलाने की मांग को लेकर शहर में कैंडल मार्च निकाला। छावनी मोहल्ले से शुरू हुआ यह मार्च एकता चौक तक पहुंचा। इस दौरान लोगों ने सुधार गृह प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने के साथ दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
कैंडल मार्च में भभुआ के पूर्व नगर परिषद सभापति विकास तिवारी उर्फ बबलू तिवारी, पूर्व उपसभापति अमजद अली, वार्ड पार्षद बदरुद्दीन राईन, महताब अंसारी, अल्पसंख्यक नेता असलम अंसारी समेत भारी संख्या में स्थानीय महिलाएं, युवा अन्य लोग शामिल हुए। नेताओं ने दो टूक कहा कि जब तक पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिल जाता, आंदोलन जारी रहेगा।
पेशी के कुछ ही घंटे बाद आई मौत की खबर
दरअसल भभुआ वार्ड नंबर 10 छावनी मोहल्ला निवासी रुस्तम राईन को 20 अगस्त से चैनपुर स्थित बाल सुधार गृह में निरुद्ध था। इस बीच 10 सितंबर को उसे नियमित पेशी के लिए भभुआ सिविल कोर्ट लाया गया था। परिजनों का कहना है कि दोपहर में कोर्ट परिसर में मुलाकात के वक्त रुस्तम बिल्कुल स्वस्थ और सामान्य था। लेकिन पेशी के बाद सुरक्षित सुधार गृह पहुंचने के कुछ ही घंटों के भीतर अचानक उसकी मौत की खबर आ गई। आनन-फानन में उसे सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक के गले पर गहरे काले-नीले निशान का दावा
सदर अस्पताल पहुंचे परिजनों ने जब शव देखा तो उनके होश उड़ गए। परिजनों का दावा है कि मृतक के गले पर गला घोंटने जैसे गहरे काले और नीले निशान साफ मौजूद थे। इसके अलावा सुधार गृह के कर्मचारियों के बयानों ने पूरे मामले को और संदिग्ध बना दिया। जहां सुधार गृह के इंचार्ज ने पहले दावा किया कि खाना खाते वक्त तबीयत बिगड़ी, वहीं कुछ कर्मी शौचालय में बेहोश मिलने की बात कहते रहे। परिजनों का सीधा आरोप है कि सोची-समझी साजिश के तहत सुधार गृह के भीतर ही रुस्तम का गला दबाकर उसकी जान ली गई है।
सुधार गृह इंचार्ज समेत 7 पर FIR दर्ज
मामले की गंभीरता को देखते हुए चैनपुर थाने में मृतक के पिता की तहरीर पर बाल सुधार गृह के इंचार्ज अजय कुमार, कर्मी प्रवीन कुमार, अखिलेश कुमार सिंह, पीयूष कुमार, केस के सूचक मुन्ना प्रजापति और बबीता देवी समेत 7 नामजद व अन्य अज्ञात कर्मियों के खिलाफ हत्या एवं आपराधिक साजिश की संगीन धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
प्रशासन ने पूरे मामले की न्यायिक जांच शुरू करा दी है। वहीं शहर में एहतियात के तौर पर संवेदनशील इलाकों और मृतक के घर के बाहर दंडाधिकारी व पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।
ये भी पढ़ें- Bihar Top News Today: बिहार में शिवराज सिंह चौहान, नीतीश को मिला सरकार बनाने का ऑफर, सास की हत्या!



