भागलपुर स्थित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (JLNMCH), मायागंज के वर्ष 2023 बैच के MBBS छात्र रूपेश सोनी की सड़क हादसे के बाद इलाज के दौरान पटना पीएमसीएच में मौत हो गई। घटना 5 नवंबर की देर रात करीब 12:20 बजे की है, जब पार्टी से हॉस्टल लौट रहे रूपेश की स्कूटी को एक बेकाबू कार ने जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में रूपेश के सिर और कमर में गंभीर चोटें आई थीं। मृतक रूपेश दो भाइयों में बड़े थे और उनके पिता राजेंद्र प्रसाद सोनी कपड़े के व्यवसायी हैं।

​छात्रों का फूटा आक्रोश, OPD सेवाएं ठप

छात्र की मौत की खबर मिलते ही शनिवार को JLNMCH के मेडिकल छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित छात्रों ने मायागंज अस्पताल की OPD सेवाएं पूरी तरह ठप करा दीं और अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठ गए। छात्रों का आरोप है कि दुर्घटना के बाद कार में सवार लोगों ने मानवीय संवेदना ताक पर रख दी। घायल रूपेश को अस्पताल ले जाने के बजाय सड़क किनारे कर उस पर जैकेट डाल दी और खुद अपनी गाड़ी का नुकसान देखने लगे। अस्पताल में OPD बंद होने से दूर-दराज से आए मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

​शराब के नशे में कार चला रहा था PG छात्र

प्रत्यक्षदर्शियों और शुरुआती जानकारी के अनुसार, टक्कर मारने वाली कार JLNMCH का ही PG छात्र गौरव (निवासी रंगारेड्डी, तेलंगाना) चला रहा था। डायल 112 की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर गौरव को पकड़ा। जांच में उसके नशे में होने की बात सामने आई है। कार में सर्जरी विभाग का चंद्रमोहन, पीडियाट्रिक की आकांक्षा और आई विभाग की शिवानी व रुचि भी मौजूद थीं। छात्रों का दावा है कि ड्राइवर के ब्लड सैंपल में केटामाइन पाया गया है, हालांकि पुलिस व मेडिकल रिपोर्ट से इसकी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।

सभी की गिरफ्तारी पर अड़े छात्र

मामले में पुलिस ने दो PG छात्रों गौरव और चंद्रमोहन को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन प्रदर्शनकारी छात्र कार में सवार बाकी तीनों छात्राओं की भी गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। छात्रों का कहना है कि यदि यह महज हादसा है, तो घटनास्थल का CCTV फुटेज तुरंत सार्वजनिक किया जाए ताकि पूरी सच्चाई सामने आ सके। छात्रों ने साफ कहा है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, हड़ताल जारी रहेगी। हालांकि स्थानीय विधायक ने छात्रों को सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया है।