कुंदन कुमार, पटना। भागलपुर और कटिहार के बीच सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत की खबर है। इस रेलखंड पर यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दो जोड़ी अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनों का परिचालन शुरू कर दिया गया है। इसके साथ ही भागलपुर से कटिहार और कटिहार से भागलपुर के बीच चलने वाली स्पेशल ट्रेनों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है।

यात्रियों को आवागमन में मिलेगी सहूलियत

बिहार सरकार के पथ निर्माण विभाग के मंत्री ई. कुमार शैलेन्द्र ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिशा-निर्देशों और बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के अनुरोध पर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने त्वरित कार्रवाई करते हुए यह कदम उठाया है। मंत्री के अनुसार, इससे पहले इस रेलखंड पर एक जोड़ी स्पेशल ट्रेन का परिचालन हो रहा था। अब दो जोड़ी अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनें शुरू होने से यात्रियों को आवागमन में सहूलियत मिलने की उम्मीद है।

भागलपुर से ट्रेन संख्या 05781 सुबह 5:15 बजे और ट्रेन संख्या 03409 शाम 5:30 बजे रवाना होगी। वहीं, कटिहार से ट्रेन संख्या 05782 शाम 4:50 बजे और ट्रेन संख्या 03410 सुबह 6:35 बजे खुलेगी। मंत्री ई. कुमार शैलेन्द्र ने इस फैसले के लिए प्रधानमंत्री, रेल मंत्री और मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि दिवाली और छठ के अवसर पर बड़ी संख्या में लोग अपने घर और गांव आते-जाते हैं। ऐसे में अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनों के परिचालन से आम लोगों और श्रद्धालुओं को सुगम एवं आरामदायक यात्रा की सुविधा मिलेगी।

विक्रमशिला सेतु की मरम्मत का काम तेज

मंत्री ई. कुमार शैलेन्द्र ने यह भी बताया कि विक्रमशिला सेतु को दोबारा दुरुस्त करने के लिए मरम्मत कार्य तेजी से किया जा रहा है। पथ निर्माण विभाग के अधिकारी और इंजीनियरों की टीम दिन-रात काम में जुटी है, ताकि पुल पर वाहनों का परिचालन फिर से सुरक्षित तरीके से शुरू किया जा सके। पुनर्स्थापन कार्य के तहत कमजोर स्लैब और रेलिंग को हटाया जा रहा है। इसके साथ ही स्लैब के साथ पीसीसी गर्डर को भी काटने का काम चल रहा है। इसके बाद तीसरे कमजोर स्लैब को हटाने की कार्रवाई की जाएगी।

मंत्री के अनुसार, पुल की तकनीकी खामियों को जल्द से जल्द दूर कर विक्रमशिला सेतु पर आवागमन को दोबारा सुरक्षित और सुचारू रूप से बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है।

ये भी पढ़ें- पटना में भीषण सड़क हादसा, ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवकों की दर्दनाक मौत