Patna Road Accident: राजधानी पटना में आज मंगलवार की सुबह हुए एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना बाइपास थाना क्षेत्र स्थित छोटी पहाड़ी के पास फोरलेन पर हुआ। मिली जानकारी के अनुसार एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर गिर गए और वे ट्रक की चपेट में आ गए। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए और बाद में उनकी मौत हो गई।

मुंगेर के रहने वाले थे दोनों मृतक

मृतक बाइक सवार युवकों की पहचान अमरेश कुमार (31) और मंजय कुमार (25) के रूप में हुई। दोनों युवक मुंगेर जिला के रहने वाले थे। मिली जानकारी के अनुसार वे पटना में एक किराए के मकान में रहकर इलेक्ट्रिक का काम करते थे। घटना के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया। वहीं, सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों युवकों को इलाज के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज लकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मरा हुआ घोषित कर दिया।

परिजनों में मचा कोहराम

इसके बाद पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बारे में जानकारी देते हुए यातायात थानाध्यक्ष ने बताया कि, मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दी गई है। वे पटना आ रहे हैं। उनके पटना आने के बाद मामले की अन्य जानकारी सामने आ पाएगी। इसके साथ ही पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी। उधर घटना की जानकारी मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। सभी घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना के बाद ट्रक चालक मौके पर वाहन को छोड़कर घटनास्थल से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है। इसके साथ ही फरार चल रहे ट्रक ड्राइवर और वाहन मालिक के बारे में पुलिस जानकारी जुटाने में जुट गई है।

ये भी पढ़ें- बिहार में सुबह-सुबह दर्दनाक हादसा: पूजा कर लौट रही दो बच्चियों को ट्रक ने कुचला, दोनों की मौत