Jamui Incident: बिहार के जमुई में आज मंगलवार (13, अक्टूबर) की सुबह-सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है, जहां सिंकदरा-नवादा मुख्य मार्ग पर एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने दो बच्चियों को रौंद दिया। इस भीषण सड़क हादसे दोनों बच्चियों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना कुमार गांव के पास की है। घटना के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया।
पूजा कर लौट रही थीं दोनों बच्चियां
मृतक बच्चियों की पहचान सिकंदरा थाना क्षेत्र के पंचमहुआ गांव निवासी मनोज यादव की पुत्री सुलेखा कुमारी (13) और सकेंद्र यादव की पुत्री अंशु कुमारी (16) के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार दोनों बच्चियां पूजा कर घर लौट रही थीं। इसी दौरान ट्रक ने उन्हें कुचल दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। बच्चियों की मौत के बाद उनके परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं, पूरे इलाके में भी शोक की लहर दौड़ गई।
गुस्साए ग्रामीणों ने जाम किया सड़क
स्थानीय लोगों के अनुसार दोनों बच्चियां सुलेखा और अंशु मां नेतुला मंदिर से पूजा-अर्चना कर वापस घर लौट रही थीं। इस दौरान कुमार गांव के पास वे अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आ गईं। घटना को लेकर एक तरफ जहां, परिजनों में चीख पुकार मच गई। वहीं, स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। गुस्साए ग्रामीणों ने सिंकदरा-नवादा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया, जिससे सड़के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन प्रभावित हो गया।
मौके पर पहुंचे SP विश्वजीत दयाल
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जायजा लिया। प्रशासन और पुलिस की टीम सड़क जाम कर प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाने और हालात को नियंत्रित करने का प्रयास कर रही है। खबर लिखे जाने तक प्रदर्शन कर रहे ग्रामीण परिजनों को मुआवजा और आरोपी ट्रक ड्राइवर की गिरफ्तारी की मांग को लेकर अड़े रहे। वहीं, प्रशासन हालात को सामान्य बनाने के प्रयास में जुटी रही।
ये भी पढ़ें- ‘…तो एक दिन में आयोजित होगी परीक्षा’, TRE-4 शिक्षक भर्ती को लेकर मिथिलेश तिवारी का बड़ा बयान

