भागलपुर। जिले के पीरपैंती थाना क्षेत्र में जमीन की मेढ़ काटने के विवाद को लेकर एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोपी ने कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर युवक को गंभीर रूप से घायल कर दिया था, जिसकी इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई। घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
जमीन विवाद और खूनी संघर्ष की पूरी दास्तान
मृतक की पहचान 22 वर्षीय राधे कुमार के रूप में हुई है, जो पेशे से किसान था। उसके माता-पिता भी किसानी का ही काम करते हैं। परिजनों के अनुसार, राधे अपने पांच भाइयों में तीसरे नंबर पर था। वहीं, आरोपी की पहचान 48 वर्षीय महेंद्र मंडल के रूप में हुई है, जो वारदात के बाद से ही घर छोड़कर फरार चल रहा है।
जानकारी के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच घर के बगल की दो डिसमिल जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इस गोतिया विवाद को लेकर पहले भी कई बार सामाजिक स्तर पर समझौते के प्रयास किए गए थे, लेकिन बात नहीं बनी और आरोपी अक्सर जान से मारने की धमकी देता था। सोमवार को खेत में काम करने के दौरान जमीन की मेढ़ काटने को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई, जो देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई।
मायागंज अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम
विवाद के दौरान गुस्साए आरोपी महेंद्र मंडल ने धारदार कुल्हाड़ी से राधे कुमार के सिर और सीने पर ताबड़तोड़ कई वार किए, जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। गंभीर रूप से घायल अवस्था में परिजनों द्वारा उसे तुरंत पीरपैंती रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया। वहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे भागलपुर के मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया। परिजनों के मुताबिक, रात करीब 12:50 बजे इलाज के दौरान उसकी सांसें थम गईं।
पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल
घटना के बाद मृतक के परिजनों ने पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि युवक की मौत के बावजूद पुलिस समय पर घटनास्थल पर नहीं पहुंची और न ही शुरुआती स्तर पर कोई तुरंत कार्रवाई की गई।
दूसरी ओर, पीरपैंती थानाध्यक्ष पंकज कुमार राउत ने मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए बताया कि यह पूरा विवाद गोतिया और जमीन से जुड़ा हुआ है। पुलिस को घटना की सूचना मिलते ही परिजनों से संपर्क कर पूरी जानकारी जुटा ली गई है। पुलिस का कहना है कि परिजनों की शिकायत के आधार पर औपचारिक एफआईआर दर्ज कर ली गई है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।

