अतीश दीपंकर, भागलपुर। जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ मद्यनिषेध एवं उत्पाद विभाग की ओर से आज सोमवार (26, अक्टूबर) को विशेष अभियान चलाया। विभिन्न थाना क्षेत्रों में की गई कार्रवाई के दौरान शराब का सेवन करने वाले पांच और शराब की बिक्री करने वाले पांच व्यक्तियों समेत कुल 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया। छापेमारी के दौरान लगभग 215.275 लीटर शराब जब्त की गई।

कई थाना क्षेत्रों में हुई छापेमारी

जिला जनसंपर्क कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, अभियान के दौरान हबीबपुर थाना क्षेत्र के करोड़ी बाजार और डाटबाट, बायपास थाना क्षेत्र के गौराचौकी, नाथनगर के दिलदारपुर, गोपालपुर के अभया बाजार, नवगछिया के स्टेशन रोड, खरीक, कहलगांव के बदलबाबा और मुरकटिया, शिवनारायणपुर के सथालीटोला तथा ईशीपुर बाराहाट थाना क्षेत्र के महेशपुर सहित विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की गई।

अवैध शराब के खिलाफ अभियान जारी

मद्यनिषेध एवं उत्पाद विभाग की इस कार्रवाई का उद्देश्य शराबबंदी कानून को प्रभावी ढंग से लागू करना और अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाना है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और सेवन के खिलाफ निगरानी तथा छापेमारी अभियान आगे भी जारी रहेगा।

ये भी पढ़ें- सहरसा में 25 लाख के अवैध पटाखे बरामद, पुलिस ने 4 दुकानदारों को पकड़ा