अतीश दीपंकर/भागलपुर। जिले के सुल्तानगंज पुलिस ने अपराध की दुनिया पर बड़ा प्रहार करते हुए एक अवैध मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा किया है। पुलिस ने छापेमारी के दौरान न केवल भारी मात्रा में हथियार बनाने के उपकरण और अर्ध-निर्मित हथियार बरामद किए हैं बल्कि मौके से एक आरोपी को भी रंगे हाथों दबोचा है।

​क्या है पूरा मामला?

​सुल्तानगंज थाना क्षेत्र के स्तनडीह गांव में अवैध हथियार बनाने की गुप्त सूचना पुलिस को मिली थी। इस सूचना के आधार पर प्रशिक्षु एएसपी सह सुल्तानगंज थानाध्यक्ष सायम रजा के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने स्तनडीह निवासी मुकेश कुमार मंडल (पिता: फेकन मंडल, वार्ड-12) के घर को चारों तरफ से घेरकर छापेमारी की।
​पुलिस जब घर के अंदर पहुंची तो दंग रह गई। आरोपी ने घर के भीतर एक गुप्त तहखाना बना रखा था जहां बैठकर वह हथियारों का निर्माण कर रहा था। पुलिस की दबिश के समय आरोपी वहीं हथियार बनाने में जुटा था, जिसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया।

​बरामदगी की सूची

​छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से हथियारों का जखीरा बरामद किया है जो इस बात का संकेत है कि यहां बड़े पैमाने पर हथियारों की तस्करी की योजना थी। बरामद सामानों में निम्नलिखित शामिल हैं:

  • ​हथियार: एक 24 इंच बैरल वाला देसी पिस्टल, एक मस्कट, एक 6 इंच का देसी पिस्टल।
  • ​गोला-बारूद: एक जिंदा कारतूस, खोखा और दो पेलेट।
  • ​अर्ध-निर्मित सामान: पांच अर्ध-निर्मित देसी पिस्तौल, एक छोटा और 12 बड़े (24 इंच) अर्ध-निर्मित बैरल।
  • ​उपकरण: ड्रिल मशीन, बेंच, वाइस मशीन, लोहा गर्म करने वाली भट्ठी, रैती, पिलास, स्प्रिंग बनाने की कमानी, स्केल आदि।

​आगे की कार्रवाई

​इस बड़ी कामयाबी के बाद पुलिस अब आरोपी से सख्ती से पूछताछ कर रही है। सायम रजा ने बताया कि आरोपी द्वारा पूर्व में किन-किन लोगों को हथियार बेचे गए हैं और इस धंधे में और कौन-कौन से अपराधी जुड़े हैं इसका पता लगाया जा रहा है। पुलिस इस गिरोह के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने की दिशा में काम कर रही है। इस गिरफ्तारी से क्षेत्र में अवैध हथियारों की सप्लाई चेन पर बड़ा असर पड़ेगा।