समस्तीपुर। जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित धुरलख चौक के पास सोमवार देर शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। स्नातकोत्तर (PG) की परीक्षा देकर घर लौट रही एक छात्रा पर उसके पूर्व प्रेमी (एक्स बॉयफ्रेंड) ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई है जिसे इलाज के लिए आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
कचहरी चौक से साथ बैठे थे दोनों
घटना के चश्मदीद टोटो चालक मो. शब्बीर ने बताया कि छात्रा पीजी सेमेस्टर-5 की परीक्षा देकर घर लौटने के लिए कचहरी चौक से उनके टोटो पर सवार हुई थी। उसी टोटो पर आरोपी सुशील कुमार भी सवार हुआ। रास्ते भर दोनों के बीच सामान्य बातचीत हो रही थी जिससे किसी को अनहोनी की भनक तक नहीं लगी।
जैसे ही टोटो धुरलख चौक के पास पहुंचा और छात्रा उतरने की तैयारी कर रही थी सुशील ने अचानक चाकू निकालकर उस पर हमला बोल दिया। छात्रा के हाथ गाल और पीठ पर चाकू से कई गहरे वार किए गए। चालक ने आरोपी को पकड़ने की कोशिश की लेकिन वह मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। इसके बाद चालक ने ही सूझबूझ दिखाते हुए घायल छात्रा को तुरंत अस्पताल पहुंचाया।
3 साल पुराना है मामला
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता और आरोपी सुशील पड़ोसी हैं। करीब तीन साल पहले छात्रा सुशील के साथ घर से भाग गई थी। उस समय सामाजिक समझौते के तहत मामला सुलझा लिया गया था जिसके बाद सुरक्षा और बेहतर भविष्य के लिए परिजनों ने छात्रा को कोलकाता भेज दिया था। छात्रा पिछले तीन सालों से वहीं रह रही थी।
हाल ही में पीजी सेमेस्टर-5 की परीक्षा देने के लिए वह चार दिन पूर्व समस्तीपुर लौटी थी। उसने अब तक तीन परीक्षाएं दे दी थीं और केवल एक परीक्षा शेष थी। आशंका जताई जा रही है कि आरोपी ने छात्रा पर दोबारा साथ चलने का दबाव बनाया था जिसके इनकार करने पर उसने गुस्से में आकर इस वीभत्स घटना को अंजाम दिया।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए मुफस्सिल थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर अजीत कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। महिला पुलिस अधिकारियों को पीड़िता का बयान दर्ज करने के लिए भेजा गया है। प्रारंभिक जांच में यह मामला प्रेम-प्रसंग और पुरानी रंजिश का लग रहा है। फिलहाल आरोपी सुशील कुमार पुलिस की गिरफ्त में है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। पीड़ित परिवार फिलहाल सदमे में है और कुछ भी कहने से बच रहा है।

