भागलपुर। जिले में रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला सन्हौला थाना क्षेत्र के घोघा-पंजवारा स्टेट हाईवे-84 का है, जहां भुढ़िया गांव के समीप एक अनियंत्रित ट्रक ने स्कूटी सवार शिक्षिका को रौंद दिया। इस हादसे में शिक्षिका की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पति बाल-बाल बच गए। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
कुर्ता फंसने से बिगड़ा संतुलन और घट गया हादसा
मृतका की पहचान बांका जिले के धनकुंड निवासी 37 वर्षीय सितारा खातून के रूप में हुई है, जो धोरैया प्रखंड के एनपीएस प्राइमरी स्कूल (खगडा अस्सी) में शिक्षिका थीं। मृतका के पति अब्दुल बारी ने रुआंसे गले से बताया कि वह अपनी पत्नी को स्कूल से लेकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान बगल से गुजर रहे हरियाणा नंबर के एक तेज रफ्तार ट्रक में अब्दुल का कुर्ता फंस गया। झटके के कारण स्कूटी का संतुलन बिगड़ गया और दोनों सड़क पर गिर पड़े। दुर्भाग्यवश, ट्रक सितारा खातून को कुचलते हुए निकल गया।
2 साल की मासूम के सिर से उठा मां का साया
इस हादसे ने न केवल एक जीवन छीना, बल्कि तीन बच्चों के भविष्य पर भी सवालिया निशान लगा दिया है। अब्दुल बारी ने बताया कि उनकी 2 साल की छोटी बेटी ‘अइरानाज’ अब भी मां के दूध पर निर्भर थी। सितारा रोज स्कूल जाने से पहले अपनी बच्ची के लिए दूध गर्म कर बोतल में भरकर जाती थीं और लौटने के बाद सबसे पहले उसे दुलारती थीं। अब उस मासूम को कौन संभालेगा, यह सोचकर पूरा परिवार बदहवास है।
अधूरे रह गए बच्चों के सपने
मृतका का एक बड़ा बेटा जीशान उमर मधेपुरा में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहा है, वहीं 13 साल की बेटी सूफियानाज नौवीं कक्षा की छात्रा है। अब्दुल बारी ने रोते हुए कहा, आज मेरा पूरा परिवार उजड़ गया। सुबह-सुबह बच्चों को नाश्ता खिलाकर स्कूल भेजने वाली अब इस दुनिया में नहीं रही।
ओवरलोडिंग और पुलिस की सुस्ती पर फूटा गुस्सा
हादसे के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। ग्रामीणों का आरोप है कि स्टेट हाईवे पर ओवरलोड ट्रक बेखौफ होकर तेज रफ्तार में दौड़ते हैं, लेकिन पुलिस इन पर लगाम लगाने में नाकाम है। लोगों ने काफी देर तक सड़क जाम रखा। सूचना मिलते ही सन्हौला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम हटवाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार ट्रक की तलाश जारी है।

