भागलपुर। जिले के बाखरपुर थाना क्षेत्र में शनिवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। एक निजी विद्यालय के हॉस्टल में रह रहे 9 वर्षीय छात्र आर्यन कुमार की खेल-खेल में हुई दुर्घटना के कारण दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना ने विद्यालय प्रबंधन और परिजनों को झकझोर कर रख दिया है।
5 वर्षों से हॉस्टल में रहकर कर रहा था पढ़ाई
मृतक आर्यन कुमार बाखरपुर पश्चिमी पंचायत निवासी दशरथ मंडल का पुत्र था। आर्यन पिछले पांच वर्षों से इसी निजी विद्यालय के हॉस्टल में रहकर अपनी शिक्षा ग्रहण कर रहा था। शनिवार का दिन आर्यन और उसके परिजनों के लिए एक ऐसी काली सुबह बनकर आया जिसकी कल्पना भी किसी ने नहीं की थी। स्कूल प्रशासन ने फोन पर परिजनों को हादसे की सूचना दी, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया।
कैसे हुई पूरी घटना?
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आर्यन शनिवार को विद्यालय परिसर में स्थित दुर्गा मंदिर के पीछे अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। खेलते समय वह अनियंत्रित होकर वहां मौजूद लोहे की छड़ (सरिया) पर जा गिरा। यह हादसा इतना भीषण था कि सरिया सीधे उसकी गर्दन में जा घुसा जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल ले जाने या इलाज का मौका मिलने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया।
परिजनों का बयान: पोस्टमार्टम से किया इनकार
घटना की सूचना मिलते ही बाखरपुर पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी नागेन्द्र कुमार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
इस दुखद घटना पर मृतक के पिता दशरथ मंडल ने अपना पक्ष स्पष्ट किया। उन्होंने लिखित बयान में कहा कि उनके पुत्र की मृत्यु एक दुर्घटना है और इसमें विद्यालय या किसी अन्य व्यक्ति का कोई दोष नहीं है। उन्होंने गांव के प्रमुख और ग्रामीणों की उपस्थिति में अपने पूर्ण होश-हवास में यह स्पष्ट किया कि वे अपने पुत्र का पोस्टमार्टम नहीं करवाना चाहते हैं। पुलिस फिलहाल मामले के कानूनी पहलुओं को देखते हुए आगे की कार्रवाई कर रही है। विद्यालय प्रबंधन ने भी इस घटना को एक दुर्भाग्यपूर्ण हादसा बताया है।

