अतीश दीपंकर/भागलपुर। जिले के सुल्तानगंज स्थित प्रसिद्ध अजगैबीनाथ मंदिर घाट पर बुधवार को गंगा स्नान करने आए एक 30 वर्षीय युवक की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। इस दुखद हादसे ने न केवल मृतक के दोस्तों को सदमे में डाल दिया बल्कि स्थानीय घाट पर मौजूद लोगों को भी झकझोर कर रख दिया।
दोस्तों के साथ स्नान करने आया था युवक
मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के पगड़ी गांव निवासी सच्चिदानंद पांडेय के रूप में हुई है। वह पिछले कुछ समय से भागलपुर में रहकर पॉपकॉर्न बेचने का काम कर अपना और अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहा था। सच्चिदानंद के परिवार में उनकी पत्नी दो बेटियां और एक छोटा बेटा है। अचानक हुई इस मौत ने परिवार का सहारा छीन लिया है।
गहरे पानी का अंदाजा नहीं लगा सका सच्चिदानंद
मृतक के साथी जितेंद्र शुक्ला ने घटना का विवरण देते हुए बताया कि वे लोग बांका और भागलपुर से गंगा स्नान के लिए सुल्तानगंज पहुंचे थे। इलाक़े में पिछले तीन दिनों से बिजली की समस्या के कारण उनके मोबाइल डिस्चार्ज थे जिसे वे पास की एक दुकान में चार्ज पर लगाकर गंगा स्नान करने चले गए थे। स्नान के दौरान सच्चिदानंद अचानक गहरे पानी में चला गया। साथियों ने उसे डूबता देख शोर मचाया और आसपास के लोगों की मदद से उसे बचाने का भरसक प्रयास किया लेकिन पानी की गहराई अधिक होने के कारण उसे सुरक्षित बाहर नहीं निकाला जा सका।
दो घंटे की मशक्कत के बाद मिला शव
घटना की सूचना मिलते ही सुल्तानगंज थाना पुलिस और SDRF की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। स्थानीय मछुआरे शंकर महलदार की मदद से राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। लगभग दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शव को नदी से बरामद किया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भागलपुर भेज दिया है। घटना के बाद से मृतक के परिजन गहरे सदमे में हैं और उनका रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। यह घटना गंगा घाटों पर सुरक्षा और गहराई को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर गई है।

