अतीश दीपंकर/भागलपुर। जिले के सुलतानगंज थाना क्षेत्र से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। अबजुगंज हॉल्ट से मिरहट्टी पंचायत को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग के किनारे एक बोरे में बंद अज्ञात महिला का शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
क्या है पूरा मामला?
सोमवार को दिनदहाड़े स्थानीय लोगों की नजर सड़क किनारे पड़े एक संदिग्ध बोरे पर पड़ी। राहगीरों ने देखा कि बोरे से एक पैर बाहर निकला हुआ है जिसे देख लोगों के होश उड़ गए। तुरंत डायल 112 को इसकी सूचना दी गई। मौके पर पहुंची डायल 112 की टीम ने स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए फौरन सुलतानगंज थानाध्यक्ष धनंजय कुमार को अवगत कराया। थानाध्यक्ष दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लिया।
फॉरेंसिक जांच और पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने इस मामले को अत्यंत संवेदनशील मानते हुए फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम को घटनास्थल पर बुलाया। शव की स्थिति को देखते हुए प्राथमिक तौर पर यह माना जा रहा है कि महिला की निर्मम हत्या कर साक्ष्य छिपाने की नियत से शव को बोरे में भरकर सुनसान सड़क किनारे फेंक दिया गया है। फिलहाल, पुलिस हर बारीक पहलू से जांच कर रही है।
प्रशासन का बयान
इस पूरे मामले पर विधि-व्यवस्था डीएसपी नवनीत कुमार ने कहा कि पुलिस प्राथमिकता के आधार पर शव की शिनाख्त करने की कोशिश कर रही है। डीएसपी ने बताया हम आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रहे हैं ताकि अपराधियों के रूट का पता लगाया जा सके। साथ ही पड़ोसी थाना क्षेत्रों में भी महिला के गुमशुदगी की सूचनाओं का मिलान किया जा रहा है। जल्द ही इस कांड का खुलासा कर दोषियों को कड़ी सजा दिलाई जाएगी।
दहशत का माहौल
दिनदहाड़े इस तरह शव मिलने से स्थानीय निवासियों में डर का माहौल है। इलाके के लोग डरे हुए हैं और पुलिस से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को भी संदिग्ध गतिविधि या किसी महिला के लापता होने की जानकारी हो तो वे फौरन सुलतानगंज थाने को सूचित करें। पुलिस की जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है जिससे मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

