सरोज कुमार गुप्ता/सीतामढ़ी। जिले के पुनौरा थाना क्षेत्र स्थित गौशाला चौक के निकट रेशमी पैलेस में रविवार की शाम पुलिस और जिला आसूचना इकाई (DIU) की संयुक्त टीम ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक संगठित देह व्यापार के रैकेट का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में सात लोगों को मौके से गिरफ्तार किया गया जबकि मुख्य आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर हैं।
गुप्त सूचना पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
पुलिस को काफी समय से इस परिसर में संदिग्ध गतिविधियों के संचालन की गुप्त सूचना मिल रही थी। रविवार को सटीक सूचना मिलते ही पुनौरा पुलिस और डीआईयू की टीम ने रेशमी पैलेस को चारों ओर से घेर लिया। छापेमारी के दौरान वहां से पश्चिम बंगाल की एक महिला समेत कुल सात लोगों को हिरासत में लिया गया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई ने इलाके में हड़कंप मचा दिया।
डिजिटल साक्ष्यों से खुला नेटवर्क का राज
मौके से पुलिस ने छह मोबाइल फोन बरामद किए हैं जो इस पूरे मामले की जांच में मास्टर की साबित हो सकते हैं। अधिकारियों के अनुसार इन फोनों की प्रारंभिक जांच में युवतियों के फोटो, विस्तृत बायोडाटा और पैसों के लेनदेन से जुड़े चौंकाने वाले डिजिटल सबूत मिले हैं। पुलिस इन साक्ष्यों के आधार पर नेटवर्क की जड़ों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
आसनसोल कनेक्शन और मानव तस्करी का संदेह
जांच में यह भी तथ्य सामने आया है कि इस नेटवर्क का दायरा सिर्फ सीतामढ़ी तक सीमित नहीं था बल्कि इसके तार पश्चिम बंगाल के आसनसोल से भी जुड़े हैं। पुलिस के मुताबिक एक स्थानीय महिला अपनी बेटी बताकर बंगाल से आने वाली लड़कियों को इस धंधे में धकेलने का काम कर रही थी। गिरफ्तार किए गए आरोपी लगातार मुख्य सूत्रधार महफूज खलीफा के संपर्क में थे।
मुख्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस ने इस मामले में महफूज खलीफा रमजान खलीफा और रेशमी पैलेस के संचालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। महफूज खलीफा का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। छापेमारी दल का नेतृत्व कर रहे अधिकारी प्रताप कुमार ने स्पष्ट किया है कि संगठित तरीके से देह व्यापार चलाने और इसे संरक्षण देने के आरोप में किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल पुलिस की टीमें फरार मुख्य आरोपियों की धर-पकड़ के लिए विभिन्न संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। डिजिटल साक्ष्यों की फोरेंसिक जांच के बाद इस नेटवर्क में शामिल अन्य सफेदपोशों या मददगारों के नाम भी सामने आने की प्रबल संभावना है।

