कुंदन कुमार/पटना। बिहार सरकार में मंत्री श्रवण कुमार ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर जोरदार सियासी हमला बोला है। उन्होंने तेजस्वी यादव के बयानों को आधारहीन बताते हुए कहा कि उन्हें किसी भी मामले की पूरी और सही जानकारी नहीं रहती है, जिसके कारण वे अक्सर भ्रमित बयान देते हैं।
सरकार हर समस्या के समाधान में सक्षम
मंत्री श्रवण कुमार ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को लेकर पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अगर कहीं भी कोई छोटी-मोिया बड़ी कमी या गड़बड़ी सामने आती है, तो सरकार उसे सुधारने में पूरी तरह सक्षम है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जनता को जहां भी कोई दिक्कत महसूस हो रही है सरकार उसका त्वरित और ठोस समाधान करने के लिए प्रतिबद्ध है।
नीतीश के शासन में अपराधी बेलगाम नहीं
अपराध और कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर बोलते हुए श्रवण कुमार ने कहा कि बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व में कानून का राज पहले की तरह ही कायम है। उन्होंने विपक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि अपराधियों पर जिस सख्ती और तत्परता के साथ नीतीश सरकार के पुराने कार्यकाल में कार्रवाई होती थी, उसी मॉडल पर आज भी काम हो रहा है। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि बिहार में कानून का राज है और यह हर हाल में बना रहेगा। अपराधी किसी भी सूरत में बख्शे नहीं जाएंगे।
मंत्री के इस बयान ने राज्य की राजनीति में एक बार फिर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच जुबानी जंग को तेज कर दिया है जहां एक तरफ विपक्ष सरकार को घेरने की कोशिश कर रहा है वहीं जेडीयू अपनी कार्यशैली पर पूरी तरह अडिग है।

