भागलपुर। जिले के ईशीपुर बाराहाट थाना क्षेत्र के पचरुखी मोड़ के पास चर्चित उत्तम यादव हत्याकांड का पुलिस ने महज 36 घंटे के भीतर सफल खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार, इस वारदात को अवैध संबंध के चलते अंजाम दिया गया था। मास्टरमाइंड ने उत्तम की हत्या के लिए 10 लाख रुपए में सौदा किया था, जिसके एवज में शूटरों को दो लाख रुपए एडवांस भी दिए गए थे।
10 लाख रुपए में तय हुई थी सुपारी, 2 लाख एडवांस मिले
भागलपुर के एसएसपी प्रमोद कुमार ने प्रेस वार्ता में बताया कि उत्तम यादव का साहिबगंज के मुफस्सिल थाना क्षेत्र निवासी सरोज भारती की पत्नी के साथ अवैध संबंध चल रहा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच पहले भी कई बार विवाद हो चुका था। जब उत्तम ने संबंध खत्म करने से इनकार कर दिया, तो सरोज भारती ने उसकी हत्या की साजिश रची। इसके लिए 10 लाख रुपए में दो पेशेवर शूटरों को हायर किया गया और वारदात से पहले ही उन्हें दो लाख रुपए एडवांस के तौर पर दे दिए गए।
3-4 दिनों तक की गई थी रेकी
वारदात को अंजाम देने से पहले मुख्य आरोपी सरोज भारती और दोनों शूटरों ने मिलकर उत्तम यादव की गतिविधियों की कई दिनों तक रेकी की थी। शूटर पिछले तीन-चार दिनों से लगातार बाइक से उत्तम का पीछा कर रहे थे। घटना वाले दिन यानी 10 सितंबर को भी आरोपी उसकी तलाश में थे। जब उत्तम अपने ससुराल से लौट रहा था, तब ईशीपुर से कहलगांव जाने वाले मार्ग पर पचरुखी मोड़ के पास सुनसान जगह देखकर शूटरों ने उसे गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल उत्तम को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पहचान छुपाने के उद्देश्य से घटना के वक्त मास्टरमाइंड सरोज भारती बाइक से उतर गया था ताकि वह सीधे तौर पर सामने न आए।
कटिहार से दो शूटर गिरफ्तार, मुख्य आरोपी फरार
घटना के अगले दिन यानी 11 सितंबर को मृतक की पत्नी के बयान पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया। इसके बाद सिटी एसपी की निगरानी में एसडीपीओ-2 कहलगांव, ईशीपुर, बाराहाट थाना पुलिस और एसटीएफ की एक विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने कटिहार जिले के मनिहारी थाना क्षेत्र के प्रद्युम्न यादव और अहमदाबाद थाना क्षेत्र के मोहम्मद लालू को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से एक मोटरसाइकिल, एक मोबाइल फोन और 15,000 रुपए नकद बरामद हुए हैं। पुलिस का कहना है कि मुख्य साजिशकर्ता सरोज भारती की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



