भागलपुर। जिले में एक घटना सामने आई है, जहां सौतेली बेटी द्वारा अपनी मर्जी से प्रेम विवाह करने से दुखी एक महिला ने जहर खाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। मृतका की पहचान बांका जिले के कोहिंडा निवासी 45 वर्षीय रीना देवी के रूप में हुई है। बेटी के घर से जाने के बाद से ही वह मानसिक रूप से काफी परेशान चल रही थी।
क्या है पूरा मामला?
मृतका के पति मोहन ने बताया कि उनकी पहली पत्नी की मृत्यु वर्ष 2002 में प्रसव के दौरान हो गई थी, जिसके बाद उन्होंने रीना देवी से दूसरा विवाह किया था। पहली पत्नी की संतान पूजा कुमारी (19) उनके साथ ही रहती थी, जो वर्तमान में ग्रेजुएशन की छात्रा है। बीते 29 मई को पूजा अपने प्रेमी के साथ घर से भाग गई और दोनों ने विवाह कर लिया। बेटी के इस कदम से पूरा परिवार स्तब्ध था।
बेटी की बातों से गहरी आहत हुई मां
घटना के संबंध में मोहन ने बताया कि वे लगातार अपनी पत्नी को समझा रहे थे कि अब बेटी से कोई नाता न रखें लेकिन रीना इस बात को स्वीकार नहीं कर पा रही थी। वह लगातार बेटी से संपर्क करने की कोशिश कर रही थी। अंततः जब फोन पर बात हुई, तो रीना ने बेटी को भावनात्मक रूप से समझाने का प्रयास किया।
मोहन के अनुसार बातचीत के दौरान रीना ने जब बेटी को टोका, तो पूजा ने बेहद कठोर लहजे में जवाब दिया। पूजा ने कहा, तुम मुझे मत बोलो, मेरी जिंदगी में पहले मेरे पति आए हैं, उसके बाद तुम। बेटी के इस जवाब ने रीना के मन को गहरा आघात पहुंचाया।
अस्पताल में तोड़ा दम
बेटी की बातों से आहत होकर रीना ने उसी समय जहर खा लिया। परिजन उसे आनन-फानन में अमरपुर रेफरल अस्पताल ले गए, जहां से गंभीर स्थिति देखते हुए उसे मायागंज अस्पताल (JLNMCH) रेफर कर दिया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे बचाने की हरसंभव कोशिश की, लेकिन उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।

