अविनाश श्रीवास्तव, रोहतास। बीते शुक्रवार को पटना पुलिस ने राजधानी में TRE-4 शिक्षक भर्ती विज्ञापन जारी करने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज किया था। इस दौरान कई अभ्यर्थियों को बुरी तरह चोट भी आई थी। वहीं, पुलिस ने 5000 अभ्यर्थियों के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की है, जिसके खिलाफ आज रविवार (10 मई) को सासाराम में भगत सिंह छात्र नौजवान सभा की ओर से बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का पुतला दहन किया गया।

सीएम का पुतला जलाकर जताया विरोध

सासाराम के पोस्ट ऑफिस चौराहा पर सीएम सम्राट चौधरी का पुतला फूंका गया। इससे पहले इन लोगों ने नगर में जुलूस भी निकाला। अभ्यर्थियों पर हुए लाठी चार्ज के खिलाफ भगत सिंह छात्र नौजवान सभा आंदोलन पर उतरी है। इस प्रदर्शन में वामपंथी दलों के कई संगठन भी शामिल हुए।

प्रदर्शन में शामिल लोगों का कहना है कि बिहार की सरकार नौकरी देने का वादा तो करती है, लेकिन नौकरी मांगने वाले युवाओं पर लाठी बरसती है, जिसके खिलाफ हम लोग प्रदर्शन कर रहे हैं तथा मुख्यमंत्री का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कर रहे हैं।

सरकार पर गुमराह करने का आरोप

प्रदर्शन कर रहे छात्रों का आरोप है कि सरकार और अधिकारी उन्हें गुमराह कर रहे हैं। छात्रों का कहना है कि हालही में 16 अप्रैल को BPSC के परीक्षा नियंत्रक ने एक पॉडकास्ट में तीन से चार दिनों में TRE-4 का विज्ञापन जारी करने की बात कही थी। साथ ही 25-26 अप्रैल से आवेदन प्रक्रिया शुरू होने की बात कही गई थी। हालांकि आज 8 मई होने के बाद भी आवेदन प्रक्रिया के शुरू होने को लेकर कोई सूचना नहीं आई है, जिससे अभ्यर्थियों में काफी नाराजगी देखने को मिल रहा है।

46,595 पदों पर होनी है भर्ती

आपको बता दें कि TRE-4 के तहत कुल 46,595 पदों पर शिक्षकों की भर्ती होनी है। इसके लिए प्रस्ताव फरवरी में ही BPSC को भेजी गई थी, जिसे शिक्षा विभाग ने संशोधित कर वार्षिक कैलेंडर में भी शामिल किया। लेकिन आवेदन प्रक्रिया को लेकर कोई सूचना अभी तक नहीं जारी की गई। सूत्रों के अनुसार परीक्षा 22 से 27 सितंबर 2026 के बीच आयोजित हो सकती है और परिणाम नवंबर में जारी होने की उम्मीद है।

पहली बार लागू होगी डोमिसाइल नीति

इस भर्ती प्रक्रिया में पहली बार डोमिसाइल नीति लागू की जाएगी। कक्षा 1 से 12 तक के शिक्षकों के अलावा विभिन्न कल्याण विभागों में भी नियुक्तियां होनी है। TRE-1, TRE-2 और TRE-3 के जरिए बीते दो सालों में लगभग 2.27 लाख शिक्षकों की नियुक्ति पहले ही की जा चुकी है।

ये भी पढ़ें- क्या विजय चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव से छिन गया है डिप्टी CM का पद? राजद ने सरकार से मांगा जवाब