कुंदन कुमार, पटना। राजद सुप्रीमो और बिहार के पूर्व सीएम लालू यादव ने कल गुरुवार 11 जून को बेहद की खास और पारंपरिक अंदाज में अपना जन्मदिन मनाया। इस मौके पर कल शाम राबड़ी आवास में एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें लौंडा नाच, भोजपुरी गानों के जरिए महफिल सजी और समां बांधा गया। इस मौके पर राबड़ी देवी ने गायक छोटू छलिया को अपने हाथों में पहना हुआ हीरे से जड़ा हुआ सोने का कंगन तोहफे में दे दिया। अब इस मुद्दे पर राजनीति भी शुरू हो गई है।
भगवान सिंह कुशवाहा ने उठाए सवाल
बिहार सरकार में मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा ने बड़ा बयान देते हुए कहा है कि, ये तो जांच का विषय है कि हीरा कहां से आया? कौन दिया? वो नब्बे के दशक का दौर लाना चाहते है क्या? ऐसा नहीं होगा। अब समय बदल गया है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जो 950 करोड़ का घोटाला हुआ है। सब पैसा वहीं से आ रहा है क्या? खैर वो अपने जन्मदिन और पोते-पोती पर लुटा रहे हैं तो लुटावे।
वहीं, उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट जी ने बिहार के लिए केंद्र से बहुत कुछ मांगा है। बिहार का विकास करना है, उम्मीद है कि सब कुछ मिलेगा।
राबड़ी देवी ने छोटू छलिया को दिया हीरे का कंगन
सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान भोजपुरी के मशहूर गायक छोटू छलिया ने अपने गानों के माध्यम से सभी को झूमने पर मजबूर कर दिया। इस दौरान छोटू छलिया ने राबड़ी देवी के पोते के लिए भी एक सोहर गीत गाया, जिससे राबड़ी देवी इतनी ज्यादा खुश हुईं की उन्होंने गायक छोटू छलिया को उपहार में अपने हाथ में पहना हुआ सोने का हीरे से जड़ा कंगन उतारकर उन्हें भेंट स्वरूप दे दिया। राबड़ी देवी से यह कीमती उपहार और सम्मान पाकर वे काफी भावुक हो गए और हाथ जोड़कर राबड़ी देवी और लालू यादव का आभार जताया।
राबड़ी आवास में दिन भर चला जश्न और दावत
लालू यादव के जन्मदिन पर राज्य भर में राजद कार्यकर्ताओं ने इसे “सामाजिक न्याय एवं सद्भावना दिवस” के रूप में मनाया। वहीं, राबड़ी आवास में दिन भर आम से लेकर खास लोग लालू यादव को उनके जन्मदिन की बधाई देने के लिए पहुंचते रहे। इस खास मौके पर राबड़ी आवास में भोज का भी आयोजन किया गया था। जन्मदिन की बधाई देने पहुंच रहे लोगों को लालू यादव, राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव समेत परिवार के अन्य सदस्यों ने अपने हाथ से खाना परोसा और खिलाया। राबड़ी आवास में दिन भर जश्न और दावत का यह सिलसिला जारी रहा।
ये भी पढ़ें- चु&%$#…मा%$#@..बिहार में गालीबाज विधायक का VIDEO वायरल, इंजीनियर को दी भद्दी-भद्दी गालियां

