Bihar Viral video: बिहार की राजनीति में नेताओं और अधिकारियों के बीच टकराव कोई नई बात नहीं है, लेकिन इस बीच गयाजी जिले से एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसने जनप्रतिनिधियों की भाषा और व्यवहार को लेकर नई बहस छेड़ दी है। दरअसल वजीरगंज से बीजेपी विधायक वीरेंद्र सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर इस समय तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे एक परियोजना इंजीनियर पर नाराजगी जाहिर करते हुए बेहद ही अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए नजर आ रहे हैं।

ग्रामीणों ने उठाई थी क्षेत्र से जुड़ी समस्याएं

पूरा मामला 24 मई का बताया जा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार वजीरगंज प्रखंड के बैरिया गांव में तैलिक साहू समाज की ओर से विधायक के सम्मान में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम के दौरान जब ग्रामीणों ने अपने क्षेत्र से जुड़ी कई समस्याएं उठाई। इनमें नाली निर्माण और निर्माणाधीन ओवरब्रिज जैसे कुछ प्रमुख मुद्दे थे।

अधिकारी को खुले मंच से दी गाली

ग्रामीणों की शिकायतों पर विधायक वीरेंद्र सिंह ने मंच से ही कहा कि उन्होंने संबंधित परियोजना के इंजीनियर को रविवार के दिन मौके पर बुलाया था। हालांकि अधिकारी ने अवकाश का हवाला देते हुए आने में असमर्थता जताई और ग्रामीणों से लिखित आवेदन देने की बात कही। संबोधन के दौरान इंजीनियर के इस रवैये से नाराज विधायक मंच से अधिकारी पर तीखी टिप्पणी करने लगे। इस दौरान उन्होंने अधिकारी के लिए अभद्र भाषा का प्रयोग भी किया।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो

कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने विधायक वीरेंद्र सिंह का गाली देते हुए वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। स्थानीय स्तर पर भी विधायक वीरेंद्र सिंह द्वारा इस तरह की आपत्तिजनक भाषा का उपयोग किए जाने को लेकर अलग-अलग चर्चा है। लोगों का कहना है कि एक जन प्रतिनिधी को इस तरह से सरेआम लोगों के सामने गाली-गलौज भरे शब्दों का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए।

नोट- लल्लूराम डॉट कॉम इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।

ये भी पढ़ें- ‘अभिषेक बनर्जी की वजह से बर्बाद हुई TMC’, ममता की पार्टी में मचे भगदड़ पर बीजेपी नेता का बड़ा बयान