कुंदन कुमार, पटना। बांकीपुर उपचुनाव का परिणाम आने के बाद एक तरफ जहां जन सुराज के खेमे में खुशी का माहौल है। वहीं, भाजपा और राजद के खेमे में मिली हार को लेकर अब पार्टी से जुड़े नेता खुलकर अपनी बात को सामने रखने लगे हैं। एक तरफ जहां भाजपा के नेता मुकेश निषाद ने पार्टी के स्टार प्रचारक और केंद्रीय राज्य मंत्री राजभूषण चौधरी निषाद पर निशाना साधते हुए उनका इस्तीफा तक मांग लिया है। वहीं, मनेर से राजद के विधायक भाई वीरेंद्र ने भी पार्टी और पार्टी नेतृत्व को लेकर बड़ा बयान दे दिया है।

तेजस्वी के आसपास के लोगों को हटाना होगा- भाई वीरेंद्र

राजद विधायक भाई वीरेंद्र ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि, हमें हार की समीक्षा करनी होगी। निश्चत तौर पर हम लोग समीक्षा करने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि, तेजस्वी यादव के आसपास रहने वाले कुछ लोगों को हटाना होगा। उन्हें पार्टी से बाहर करना होगा। क्योंकि जनता उनको लेकर के गालियां देती हैं, जनता उनको लेकर के असंसदीय भाषा का प्रयोग कर रही हैं।

प्रशांत किशोर को दी जीत की बधाई

भाई वीरेंद्र ने कहा कि, यह चुनाव का रिजल्ट भारतीय जनता पार्टी और एनडीए के खिलाफ था। इसीलिए हमारे वोटर भी उनके खिलाफ जाकर प्रशांत किशोर को चुनाव जीता दिए हैं। क्योंकि वह सबसे ज्यादा रेस में आगे थे। साथ ही उन्होंने मीडिया के माध्यम से प्रशांत किशोर को जीत की बधाई भी दी।

भाई वीरेंद्र ने आगे कहा कि, पार्टी को निश्चित तौर पर नए सिरे से देखना होगा। हमारे नेता नए सिरे से अब सब कुछ करेंगे। कुछ लोग हैं, जिन पर भरोसा किया गया। उन्होंने भरोसे का तोड़ा है, उन नेताओं को भी पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाना होगा। हम मानते हैं कि हमसे बहुत बड़ी चूक हुई है। हमें जनता के बीच जाना होगा ।जनता से कनेक्ट करना होगा। हम लोग यह काम करेंगे।

अच्छे नेताओं को मुख्य धारा में लाने की जरूरत- भाई वीरेंद्र

भाई वीरेंद्र ने स्पष्ट तौर पर कहा कि जिस तरीके से यह पूरा मामला है निश्चित तौर पर कहीं ना कहीं अब पार्टी को सोचने की जरूरत है। पार्टी को समझने की जरूरत है और जो अच्छे लोग हैं, उनको पार्टी के मुख्य धारा में लाने की जरूरत है। उनको नेता के आसपास रखने की जरूरत है।

‘नीतीश कुमार के समय हुआ सबसे अधिक भ्रष्टाचार’

वहीं, जदयू के द्वारा यह कहने पर कि यदि नीतीश कुमार होते तो बांकीपुर में भाजपा नहीं हारती। इस पर भाई वीरेंद्र ने कहा कि, ऐसी बात नहीं है। नीतीश रहते नहीं रहते बिहार में अगर बीजेपी सबसे आगे बढ़ी है, तो वह नीतीश कुमार के कारण ही बढ़ी है और नीतीश कुमार ने ही बीजेपी को आगे लाया है और बिहार में सबसे ज्यादा भ्रष्टाचार अगर हुआ है, तो नीतीश कुमार के समय में ही हुआ है।

ये भी पढ़ें- ‘अमित शाह के इशारे पर उतारा कमजोर प्रत्याशी’, बांकीपुर उपचुनाव को लेकर कन्हैया कुमार का बड़ा दावा