Bihar News: पूर्व सांसद आनंद मोहन इस समय अपने बयान को लेकर बिहार की सियासत का केंद्र बने हुए हैं। जदयू को थैली पार्टी बताने के बाद आनंद मोहन का एक वीडियो और सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने पूर्व सीएम नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को स्वास्थ्य मंत्री बनाए जाने पर तंज कसते हुए कहा है कि बाप-बेटे दोनों को डॉक्टर की जरूरत है। आनंद मोहन के इस बयान पर राजद की प्रतिक्रिया सामने आई है।
निशांत कुमार कुपोषण के शिकार- भाई वीरेंद्र
आनंद मोहन के बयान पर राजद विधायक भाई वीरेंद्र ने कहा कि, आनंद मोहन बिल्कुल सही कह रहे हैं। दोनों को इलाज की जरूरत है। निशांत कुमार कुपोषण के शिकार हैं, उन्हें इलाज की आवश्यकता है। वहीं, नीतीश भी कई बीमारियों से ग्रसित हैं, उन्हें भी इलाज की जरूरत है।
जल्द उजागर होगा थैली लेने वाले का नाम- राजद प्रवक्ता
वहीं, राजद प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने कहा कि, आनंद मोहन के खुलासे ने आज इस बात पर मुहर लगा दी है कि जदयू ‘संस्थागत भ्रष्टाचार’ का सबसे बड़ा अड्डा बन चुका है। करोड़ों की थैलियों में मंत्री पद और विधायकों के टिकट बेचे जा रहे हैं और जल्द ही थैली लेने वालों के नाम भी उजागर होंगे। राजद प्रवक्ता ने कहा कि, इस महाभ्रष्टाचार के ‘भीष्म पितामह’ कौन हैं? यह पूरा बिहार जानता है। अब यह पूरी तरह प्रमाणित हो चुका है कि जदयू ने पिछले 20 वर्षों में दोनों हाथों से बिहार को लूटा है।
खरीद-फरोख्त कर बचाई गिरती हुई सरकार
शक्ति सिंह यादव ने आगे कहा कि, नीतीश कुमार की राजनीति का सबसे बड़ा हथकंडा सिर्फ जातीय नफरत फैलाना रहा है। दलित को महादलित से, पिछड़े को अति पिछड़े से और अगड़े को अगड़े से लड़ाकर इन्होंने सिर्फ अपनी कुर्सी बचाई है, जिसकी बानगी आज भी स्पष्ट देखी जा रही है। उन्होंने कहा कि, आज सार्वजनिक रूप से यह भी कुबूल कर लिया गया कि प्रहलाद यादव, चेतन आनंद, संगीता कुमारी, बिंद, नीलम देवी और अनंत सिंह का इस्तेमाल कर कैसे खरीद-फरोख्त के जरिए जदयू की गिरती हुई सरकार को बचाया गया था। इसका सिला भी इन्हें मिल गया है।
तब तेजस्वी ही काम आएगा….
राजद प्रवक्ता ने कहा कि, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सदन में बिल्कुल सच कहा था कि, चेतन भाई याद रखना, जब कोई काम नहीं आएगा, तब तेजस्वी ही काम आएगा। सौदेबाजी, थैलियों और नफरत की बुनियाद पर टिकी इस भ्रष्ट सरकार का असली चरित्र अब पूरी तरह नंगा हो चुका है।
ये भी पढ़ें- ‘पहली बार देखा ऐसा प्रधानमंत्री’, PM मोदी के नॉर्वे दौरे पर तेजस्वी यादव ने यह क्या कह दिया?

