कुंदन कुमार, पटना। बिहार सरकार के मंत्री दिलीप जायसवाल ने बैहर दौरे के दौरान एक प्रेस वार्ता में घोषणाएं कीं। उन्होंने बताया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) आगामी 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एक महीने का ‘सेवा संकल्प’ पखवाड़ा मनाने जा रही है। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन (17 सितंबर) को विशेष रूप से सेवा और जनहित के कार्यों के साथ मनाया जाएगा। पूरे बिहार में इस एक महीने के अंतराल में विभिन्न प्रकार के सामाजिक, सेवा और जन-कल्याणकारी कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिसके माध्यम से सरकार की नीतियों और योजनाओं को अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाया जाएगा।

​भ्रष्टाचार और अधिकारियों की कार्यशैली पर दो-टूक चेतावनी

प्रशासनिक व्यवस्था और सुशासन को लेकर पूछे गए एक सवाल के जवाब में मंत्री दिलीप जायसवाल ने बेहद कड़े तेवर दिखाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि राज्य के किसी भी क्षेत्र का अंचल अधिकारी (सीओ) या अन्य प्रशासनिक अधिकारी किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या अनियमितता में लिप्त पाया जाता है, तो सरकार उस पर तुरंत और प्रभावी कार्रवाई करती है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। यदि आगे भी किसी स्तर पर अधिकारियों के खिलाफ शिकायतें मिलती हैं, तो बिना किसी विलम्ब के कार्रवाई की जाएगी। मंत्री ने जोर देकर कहा कि इस बात को पूरा प्रशासनिक अमला और जनता अच्छी तरह जानती है कि सरकार जनहित के कार्यों में किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं करेगी।