कुंदन कुमार, पटना। नेपाल के जलग्रहण क्षेत्रों में मूसलाधार बारिश का असर अब बिहार की नदियों पर साफ दिखने लगा है। कोसी नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया है, जिससे तटीय इलाकों में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। इस गंभीर स्थिति को लेकर राज्य सरकार पूरी तरह सक्रिय हो गई है।
कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कोसी में आई बाढ़ और किसानों की समस्याओं को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार स्थिति पर पैनी नजर बनाए हुए है और लगातार समीक्षात्मक बैठकें की जा रही हैं। किसानों के नुकसान और राहत कार्यों को लेकर मुख्यमंत्री से भी उनकी विस्तृत चर्चा हुई है। सरकार का मुख्य उद्देश्य प्रभावित इलाकों के किसानों को जल्द से जल्द सुरक्षा और सहायता पहुंचाना है। मंत्री ने आश्वस्त किया कि इस आपदा की स्थिति में सरकार पूरी मुस्तैदी से जनता के साथ खड़ी है।
जहरीली शराब कांड पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी
कोसी बाढ़ के बीच, बाढ़ अनुमंडल क्षेत्र में जहरीली शराब पीने से चार युवकों की संदिग्ध मौत का मामला भी तूल पकड़ चुका है। इस दुखद घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि प्रशासन इस मामले में बेहद गंभीर है। घटना की गहनता से अनुसंधान की जा रही है और पुलिस महकमा हर पहलू की जांच कर रहा है। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि इस अवैध कारोबार में संलिप्त और घटना के लिए जिम्मेदार किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। जांच पूरी होने के बाद सभी दोषियों पर कानून के शिकंजे में कड़ी से कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


