राहुल शर्मा, भिंड। मध्य प्रदेश के भिंड जिले में चंबल नदी के पुल पर उस समय हड़कंप मच गया जब दुष्कर्म और अपहरण के आरोप में जमानत पर बाहर आया एक युवक नदी के पुल की रेलिंग पर लटककर आत्महत्या की धमकी देने लगा। युवक अपनी प्रेमिका से जन्मी बच्ची को अपने पास रखने और उस पर अधिकार देने की मांग कर रहा था। गनीमत रही कि सूचना मिलते ही अटेर थाना पुलिस और यूपी पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

ये भी पढ़ें: सड़क पार कर रहे स्कूली छात्र को ट्रक ने रौंदा, मौके पर मौत; CCTV में कैद हुआ हादसा

जेल से बाहर आते ही पता चला प्रेमिका के मां बनने का सच

सुरपुरा निवासी आरोपी गोलू रघुवंशी कुछ समय पहले अपनी प्रेमिका को साथ लेकर घर से भाग गया था। जिसके बाद परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर गोलू को गिरफ्तार किया था और जेल भेज दिया था।

हाल ही में जमानत पर जेल से बाहर आने के बाद गोलू को पता चला कि उसकी प्रेमिका ने एक बेटी को जन्म दिया है। इसके बाद वह बच्ची को अपने पास रखने और उसे अपना अधिकार देने की जिद करने लगा।

मना करने पर उठाया आत्मघाती कदम

परिजनों द्वारा बच्ची देने से इनकार करने पर आक्रोशित युवक भिंड-यूपी सीमा पर स्थित चंबल नदी के पुल पर पहुंच गया और रेलिंग से लटककर जान देने की धमकी देने लगा। युवक के रेलिंग पर लटकने का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो गया।

ये भी पढ़ें: इंदौर क्राइम ब्रांच में रिश्वत का बड़ा खेल! इंस्पेक्टर और 2 सिपाहियों पर FIR, जानिए वसूली का पूरा खेल

1 घंटे की मशक्कत के बाद बचाई जान

मौके पर पहुंचे अटेर थाने के एसआई ब्रजेंद्र तोमर और पुलिस टीम ने लगभग 1 घंटे तक युवक को कानूनी प्रक्रिया से कार्रवाई करने की समझाइश दी। इसके बाद युवक को सकुशल सुरक्षित बाहर निकाला गया और परिजनों के सुपुर्द किया गया।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m