राहुल शर्मा, भिंड। मध्य प्रदेश के भिंड जिले से एक बेहद गंभीर और चिंताजनक मामला सामने आया है। अटेर ब्लॉक के ग्राम मल्लपुरा स्थित शासकीय माध्यमिक विद्यालय में स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान बांटे गए लड्डू और पूड़ी-सब्जी खाने से तीन बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। दूषित खाना खाने के बाद मासूमों को जिला अस्पताल भिंड में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
ये भी पढ़ें: मानसिक रोगियों को अस्पताल पहुंचाएगी मध्य प्रदेश पुलिस; अच्छा काम करने वाले पुलिसकर्मियों को मिलेगा पुरस्कार!
उल्टी, दस्त और शरीर पर लाल चकत्ते
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर स्कूल में स्व-सहायता समूह द्वारा बच्चों के लिए पूड़ी-सब्जी और लड्डू तैयार कराए गए थे। लेकिन भोजन करते ही बच्चों की सेहत बिगड़ने लगी।
बताया जा रहा है कि कक्षा 1 में पढ़ने वाले एक मासूम और उसके छोटे भाई को अचानक उल्टी, दस्त और तेज बुखार की शिकायत हो गई। दोनों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है, जहां डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत स्थिर है।
वहीं एक अन्य बच्ची के शरीर पर भोजन-लड्डू खाने के बाद लाल रंग के निशान और इंफेक्शन के लक्षण दिखाई देने लगे। प्राथमिक उपचार के बाद बच्ची को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है।
भोजन फेंकने पर समूह कर्मचारियों और परिजनों में तीखी बहस
घटना के दौरान कुछ बच्चों द्वारा लड्डू की गुणवत्ता खराब देखकर उन्हें पत्तल से नीचे फेंकने की बात भी सामने आई है। इसी बात को लेकर स्कूल में भोजन बना रहे समूह के कर्मचारियों और बच्चों के परिजनों के बीच तीखी बहस हो गई। परिजनों ने भोजन सामग्री की घटिया गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
ये भी पढ़ें: चंबल नदी में बंद हुआ स्टीमर, तेज धार में कांवड़िये समेत 150 यात्री बहकर पहुंचे भिंड, मची चीख-पुकार
फिलहाल इस घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों में भारी आक्रोश है। अब बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि बच्चों को परोसे गए भोजन की गुणवत्ता की जांच हुई थी या नहीं? प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की जा रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


