अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर भिवानी के भीम स्टेडियम में पर्यावरण शुद्धिकरण समिति द्वारा 'वेस्ट टू वेल्थ' थीम पर लगाई गई अनूठी प्रदर्शनी में बच्चों को पारंपरिक खिलौने बांटे गए।
अजय सैनी, भिवानी। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के पावन अवसर पर स्थानीय भीम स्टेडियम में योग करने आए बच्चों, आम नागरिकों और विशिष्ट अतिथियों के लिए भिवानी पर्यावरण शुद्धिकरण समिति द्वारा एक विशेष प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। भिवानी से रिपोर्टर अजय सैनी के अनुसार, ‘वेस्ट टू हैल्थ एंड बेस्ट’ (कबाड़ से जुगाड़) थीम पर आधारित पर्यावरण संरक्षण उपकरणों की इस अनूठी प्रदर्शनी ने वहां मौजूद हर शख्स का मन मोह लिया और यह पूरे कार्यक्रम में मुख्य आकर्षण का केंद्र बनी रही। इस शिविर में पहुंचे मुख्य अतिथि और हरियाणा सरकार के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा सहित प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रदर्शनी का बहुत बारीकी से अवलोकन किया और भिवानी को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए समिति के नि:स्वार्थ प्रयासों की जमकर सराहना की।

बच्चों को बांटे पारंपरिक खिलौने
इस प्रदर्शनी के दौरान समिति द्वारा जनहित और पर्यावरण को समर्पित कई स्वनिर्मित अनोखे उपकरणों का जीवंत प्रदर्शन किया गया। इनमें मुख्य रूप से पौधों के लिए विशेष ट्री-गार्ड, बड़े पेड़ों के नीचे से छोटे पौधे सुरक्षित निकालने की मशीन, पौधा रोपने का पेट्रोल चालित ऑगर, मटका टपका सिंचाई सिस्टम और पक्षियों के लिए दाना-पानी प्लेटफार्म शामिल रहे। इसके अलावा टीन व मटके से बने घोंसले, घायल पक्षियों के उपचार के लिए विशेष पिंजरा, बुजुर्गों के लिए बेड रेस्ट सिस्टम और लकड़ी के वेस्ट टुकड़ों से तैयार चक्कर गाड़ी (खिलौना) भी प्रदर्शित की गई। योग शिविर में आए बच्चों को यह पारंपरिक चक्कर गाडिय़ां मुफ्त बांटी गईं, जिससे उनके चेहरे खिल उठे।
25 उखड़े पेड़ों को दिया जीवन
भिवानी पर्यावरण शुद्धिकरण समिति के संयोजक के.के. वर्मा ने बताया कि उनकी समिति ये सभी पर्यावरण-अनुकूल उपकरण आम जनता को पूरी तरह से नि:शुल्क उपलब्ध कराती है। समिति की मुख्य उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि वे बड़े हो चुके पेड़ों से लोहे के ट्री-गार्ड उतारकर अब तक 400 से अधिक गार्ड वन विभाग को सौंप चुके हैं। इसके साथ ही आंधी और तूफान में उखडक़र गिरने वाले 25 बड़े पेड़ों को काटने से बचाकर समिति ने उन्हें वैज्ञानिक तरीके से दोबारा सीधा खड़ा कर नया जीवन दिया है। कोई भी नागरिक सहयोग या मदद के लिए समिति के 26, पुराना हाउसिंग बोर्ड स्थित कार्यालय पर संपर्क कर सकता है।

