हरियाणा के भिवानी में भारतीय मानक ब्यूरो द्वारा महिलाओं को सशक्त बनाने के उद्देश्य से शाइन मुहिम के तहत एक विशेष उपभोक्ता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान महिलाओं को शुद्ध और सुरक्षित उत्पादों की पहचान करने के व्यावहारिक तरीके सिखाए गए।

अजय सैनी, भिवानी। भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) की राष्ट्रीय मुहिम शाइन (स्टैंडर्ड्स हेल्प इन्फॉर्म एंड नर्चर एम्पावर्ड विमेन) के तहत भिवानी में एक विशेष उपभोक्ता जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। राष्ट्रीय आजीविका मिशन के कार्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण उत्पादों के प्रति जागरूक कर उन्हें सशक्त बनाना था। कार्यक्रम में उम्मीद संगठन और नारी शक्ति संगठन से जुड़ी 88 महिलाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन बीआईएस हरियाणा शाखा कार्यालय के राज्य रिसोर्स पर्सन डॉ. प्रदीप लौरा द्वारा किया गया।

जागरूक महिला से सुरक्षित होता है परिवार

इस मौके पर रिसोर्स पर्सन डॉ. प्रदीप लौरा ने कहा कि देश में उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों और उत्पादों की गुणवत्ता के प्रति जागरूक करने के लिए भारतीय मानक ब्यूरो निरंतर प्रयासरत है। इसी कड़ी में यह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। डॉ. प्रदीप लौरा ने कहा कि आज के दौर में गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित उत्पादों की पहचान करना हर नागरिक का अधिकार और कर्तव्य दोनों है। उपभोक्ताओं को आईएसआई मार्क, हॉलमार्किंग तथा बीआईएस की विभिन्न प्रमाणन योजनाओं की गहरी जानकारी होना बेहद आवश्यक है।

मोबाइल ऐप से घर बैठे होगी जांच

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने के लिए बीआईएस केयर ऐप के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। डा. लौरा ने बताया कि इस ऐप के जरिए उपभोक्ता घर बैठे किसी भी उत्पाद के आईएसआई मार्क या हॉलमार्क नंबर की प्रामाणिकता की जांच कर सकते हैं। यदि किसी उत्पाद में कोई कमी पाई जाती है या कोई दुकानदार नकली सामान बेचता है, तो उपभोक्ता इसी ऐप के माध्यम से सीधे ऑनलाइन शिकायत भी दर्ज करा सकते हैं। यह तकनीक उपभोक्ताओं को सीधे प्रशासन से जोड़ती है और पारदर्शिता को बढ़ावा देती है। उपभोक्ताओं को कानून की ताकत का अहसास कराते हुए डॉ. प्रदीप लौरा ने भारतीय मानक ब्यूरो अधिनियम-2016 के सख्त प्रावधानों पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि बाजार में धोखाधड़ी करने वालों को कतई बख्शा नहीं जाएगा।