भिवानी केमिस्ट एंड ड्रग एसोसिएशन की रविवार को आयोजित बैठक में नए पदाधिकारियों का सर्वसम्मति से चुनाव किया गया, जिसमें संजय कनोडिया को प्रधान बनाया गया। इस दौरान दवा विक्रेताओं ने नशा न बेचने की शपथ ली और नकली दवाओं के खिलाफ अभियान चलाने का संकल्प लिया।

अजय सैनी, भिवानी। केमिस्ट एंड ड्रग एसोसिएशन की अहम बैठक रविवार को आयोजित की गई, जिसमें नए पदाधिकारियों का सर्वसम्मति से चुनाव किया गया। बैठक में केमिस्टों ने नशा न बेचने और नकली दवाओं के खिलाफ अभियान चलाने का संकल्प भी लिया। इस दौरान दवा कारोबार को मजबूत बनाने और हरियाणा सरकार की गाइडलाइंस का पालन करने का संदेश दिया गया।

नए पदाधिकारियों का हुआ चयन

भिवानी में आयोजित केमिस्ट एंड ड्रग एसोसिएशन की बैठक में सर्वसम्मति से नए पदाधिकारियों का चयन किया गया। संजय कनोडिया को प्रधान, अशोक गोयल को महासचिव, आशीष गोयल को कोषाध्यक्ष और अतुल ठुकराल को उपप्रधान नियुक्त किया गया। वहीं अशोक सिंगला को ऑल इंडिया वाइस प्रेसिडेंट की जिम्मेदारी सौंपी गई। बैठक में डॉ. विनोद अंचल और डॉ. नीतीश गोयल भी विशेष रूप से मौजूद रहे।

स्टेट संगठन से जुड़ी भिवानी यूनियन

बैठक में एसोसिएशन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अशोक सिंगला ने कहा कि भिवानी जिला लंबे समय से हरियाणा स्टेट संगठन से पूरी तरह जुड़ा नहीं था, लेकिन अब नए संगठनात्मक ढांचे के साथ यह तालमेल मजबूत होगा। इससे जिले के दवा विक्रेताओं को राज्य स्तर पर सहयोग मिलेगा और उनकी समस्याओं का समय पर समाधान किया जा सकेगा।

नशा न बेचने की ली शपथ

बैठक के दौरान नव-नियुक्त प्रधान संजय कनोडिया ने कहा कि नशा न बेचने और किसी भी तरह के नशे के कारोबार से दूर रहने की शपथ ली। साथ ही नकली दवाओं के बढ़ते खतरे पर चिंता जताते हुए ऑनलाइन माध्यम से बिक रही फर्जी दवाओं के प्रति सतर्क रहने की अपील की गई।

वक्ताओं ने कहा कि सरकार की गाइडलाइंस के अनुरूप ही दवा कारोबार संचालित किया जाएगा ताकि लोगों को सुरक्षित और प्रमाणित दवाएं मिल सकें। इस अवसर पर ललित मिड्ढा, अशोक मुंजाल, महेंद्र जैन, संजय गर्ग, नरेश कुमार, मनीष, भूषण सहित अनेक लोग मौजूद रहे।