भिवानी। हरियाणा के भिवानी में गौवंश की मौतों और गायों के घायल होने के विरोध में सात दिन से चल रहा गौरक्षा दल का धरना और पांच दिन से जारी आमरण अनशन शनिवार को समाप्त हो गया। विधायक घनश्याम सर्राफ ने लिखित आश्वासन का पत्र सौंपकर और जूस पिलाकर अनशन खत्म करवाया। प्रशासन ने गौवंश की सुरक्षा के लिए एसडीएम की अध्यक्षता में विशेष कमेटी बनाने का आदेश जारी किया है। अब दूध निकालने के बाद गायों को गलियों में छोड़ने वालों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई जाएगी।

सात दिन के धरने के बाद प्रशासन का आश्वासन

गौरक्षा दल भिवानी के प्रधान संजय परमार के नेतृत्व में विधायक घनश्याम सर्राफ के आवास पर धरना दिया जा रहा था। आंदोलनकारियों ने श्राद्ध पक्ष की अमावस्या के दौरान गौसेवा के नाम पर लापरवाही और प्रशासनिक अनदेखी का आरोप लगाया था। उनका कहना था कि इस दौरान कई गायों की मौत हुई और दर्जनों गौवंश घायल हुए।

गौरक्षक बलदेव, अमित बीरण, मोनू राणा और संजय परमार पांच दिनों से आमरण अनशन पर बैठे थे। शनिवार को विधायक घनश्याम सर्राफ धरना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने लिखित आश्वासन सौंपा और जूस पिलाकर अनशन समाप्त करवाया।

एसडीएम की अध्यक्षता में बनेगी विशेष कमेटी

विश्व हिंदू परिषद से जुड़े वरुण बजरंगी ने बताया कि प्रशासन ने इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी किया है। इसके तहत गौवंश की सुरक्षा के लिए एक विशेष कमेटी बनाई गई है। कमेटी पितृ पक्ष से पहले गौरक्षा दल के सहयोग से घर-घर जाकर जागरूकता अभियान चलाएगी।

इस अभियान का उद्देश्य लोगों को गौवंश की देखभाल और उन्हें सुरक्षित रखने के प्रति जागरूक करना है। प्रशासन की ओर से बनाई गई कमेटी यह भी देखेगी कि दूध निकालने के बाद गायों को आवारा छोड़ने की घटनाओं पर कैसे कार्रवाई की जाए।

गायों को गलियों में छोड़ने वालों के खिलाफ होगी शिकायत

वरुण बजरंगी के मुताबिक, दूध निकालने के बाद गायों को गलियों में छोड़ने वालों के खिलाफ थाना शहर, भिवानी में शिकायत दर्ज कराई जाएगी।

कमेटी के नोडल अधिकारी एसडीएम होंगे। इसके सदस्यों में नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी, पशुपालन विभाग के उप निदेशक, जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी और गौरक्षा दल भिवानी के प्रधान संजय परमार शामिल होंगे।

गौरक्षकों ने आंदोलन को बताया गौवंश की सुरक्षा की लड़ाई

धरना समाप्त होने के बाद गौरक्षक मोनू राणा, अमित बीरण और बलदेव ने कहा कि यह जीत केवल गौरक्षकों की नहीं, बल्कि गौवंश की सेवा और सुरक्षा के लिए उठाई गई आवाज की है। उन्होंने प्रशासन और विधायक घनश्याम सर्राफ का आभार जताया। गौरक्षकों ने कहा कि गौवंश की सुरक्षा को लेकर उनका सेवा और सतर्कता अभियान जारी रहेगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m