हरियाणा के भिवानी जिले में राशन डिपो धारकों ने अपनी विभिन्न तकनीकी और आर्थिक समस्याओं को लेकर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। एसोसिएशन ने जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक को ज्ञापन सौंपकर जल्द समाधान न होने पर हड़ताल की चेतावनी दी है।
अजय सैनी, भिवानी। भिवानी जिले में राशन डिपो धारकों की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं को लेकर डिपो होल्डर एसोसिएशन जिला भिवानी ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। डिपो होल्डर्स की विभिन्न तकनीकी और आर्थिक मांगों के समाधान को लेकर यूनियन के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक को मांगपत्र सौंपा। एसोसिएशन का कहना है कि सरकार द्वारा राशन वितरण को लेकर बड़े-बड़े दावे किए जा रहे हैं, लेकिन धरातल पर डिपो धारकों को मशीनरी और बकाया कमीशन की वजह से भारी प्रताडऩा का सामना करना पड़ रहा है। भिवानी जिले में राशन वितरण व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए इन समस्याओं का तुरंत समाधान होना बेहद आवश्यक है। Bhiwani Depot Holder Association के इस कदम से विभाग में हलचल तेज हो गई है।
नई फोरजी मशीनों से बढ़ी परेशानी
डिपो होल्डर यूनियन के जिला प्रधान राज सरपंच व शहरी प्रधान हरदेश कुमार हैप्पी ने बताया कि मांगपत्र में मुख्य रूप से मांग की गई कि सरकार द्वारा डिपो धारकों को दी गई नई 4जी राशन वितरण मशीनें बेहद धीमी गति से चलती हैं, जिससे उपभोक्ताओं की लंबी कतारें लग जाती हैं। यूनियन ने मांग की है कि भिवानी जिले में कम से कम 5 सर्विस इंजीनियर नियुक्त किए जाएं। जिन डिपो धारकों के इलेक्ट्रॉनिक कांटे खराब हो चुके हैं, उन्हें तुरंत ठीक करवाया जाए ताकि समय पर बिना किसी बाधा के पारदर्शी तरीके से राशन बांटा जा सके। डिपो धारकों का पिछले 3 महीनों (अप्रैल, मई और जून) का कमीशन सरकार द्वारा दबा कर रखा गया है, जिसे तुरंत जारी किया जाए। इसके साथ ही हर महीने की 10 तारीख तक कमीशन का भुगतान सुनिश्चित किया जाए।
मांगें पूरी न होने पर हड़ताल
इस मौके पर डिपो होल्डर यूनियन के जिला प्रधान राज सरपंच व शहरी प्रधान हरदेश कुमार हैप्पी ने कहा कि सरकार के आदेशों का वे हमेशा सम्मान करते हैं और जनता तक राशन पहुंचाते हैं। लेकिन हमारी जायज समस्याओं को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है। राशन तौल में गड़बड़ी और मशीनों के न चलने का ठीकरा डिपो धारकों पर फोड़ा जाता है और सर्विस इंजीनियर आकर काम करने की बजाय हमें धमकियां देते हैं। अगर भिवानी जिले में तुरंत 5 सर्विस इंजीनियरों की नियुक्ति नहीं की गई और हमारे कांटों को ठीक नहीं करवाया गया, तो डिपो धारक काम ठप करने को मजबूर होंगे। इस दौरान धर्मबीर सिंह, पूर्ण सिंह, कंवर सिंह, सुरेश कुमार, सुशील कुमार, दिनेश, प्रदीप कुमार और राम सिंह शामिल रहे। डिपो धारकों ने एक सुर में कहा कि यदि प्रशासन ने उनकी मांगों पर तुरंत संज्ञान नहीं लिया, तो जिले भर में राशन वितरण का काम पूरी तरह ठप कर दिया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी पूरी तरह से खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की होगी। इस दौरान राजेंद्र ढ़ाणा, साहिल, मोहन शर्मा भी मौजूद रहे।

