भिवानी के भीम स्टेडियम में चार दिवसीय जिला बैडमिंटन चैंपियनशिप का भव्य शुभारंभ हुआ है। इस खेल प्रतियोगिता में जिले भर के 200 से अधिक खिलाड़ी अलग-अलग आयु वर्ग में अपना हुनर दिखा रहे हैं।
अजय सैनी, भिवानी। जिले के उभरते हुए बैडमिंटन खिलाडिय़ों और खेल प्रेमियों के लिए एक स्वर्णिम अवसर की शुरुआत हो चुकी है। बैडमिंटन वेलफेयर एसोसिएशन भिवानी के तत्वावधान में स्थानीय भीम स्टेडियम स्थित आधुनिक बैडमिंटन हॉल में 4 दिवसीय भिवानी जिला बैडमिंटन चैंपियनशिप-2026 का भव्य आगाज हो गया है। इस प्रतियोगिता का शुभारंभ समाजसेवी बृजलाल सर्राफ ने बतौर मुख्य अतिथि दीप प्रज्वलित कर किया। आगामी 31 मई तक चलने वाली इस चैंपियनशिप में पूरे जिले से आए खिलाडिय़ों का जोश और उत्साह देखने लायक है। प्रतियोगिता का उद्घाटन करते हुए प्रख्यात समाजसेवी बृजलाल सर्राफ ने युवा खिलाडिय़ों का हौसला बढ़ाया और इस शानदार खेल आयोजन की जमकर सराहना की।

युवाओं को अनुशासन सिखाते हैं खेल
खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए मुख्य अतिथि बृजलाल सर्राफ ने कहा कि भिवानी की माटी ने हमेशा देश को अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी दिए हैं। खेल केवल मेडल जीतने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह जीवन में अनुशासन, कड़ा परिश्रम और टीम भावना सिखाता है। इस तरह के जिला स्तरीय आयोजन हमारे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की छुपी हुई खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए बेहतरीन मंच हैं। बैडमिंटन वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान प्रो. सुरेश गुप्ता व महासचिव सतविंद्र सिंह ने बताया कि इस चैंपियनशिप को इस तरह डिजाइन किया गया है कि इसमें उम्र की कोई सीमा बाधा न बने, जिससे हर वर्ग के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें।
चैंपियनशिप में बने कई नए रिकॉर्ड
जूनियर वर्ग में जहां अंडर-11, 13, 15, 17 और अंडर-19 के लडक़े-लड़कियां अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं, वहीं ओपन वर्ग में पुरुष और महिला वर्ग के कड़े मुकाबले देखने को मिलेंगे। इसके अलावा, खेल के प्रति जुनून को जिंदा रखने के लिए 35 वर्ष से लेकर 60 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के दिग्गजों (मास्टर्स) के लिए भी सिंगल और डबल्स इवेंट आयोजित किए जा रहे हैं। यह भव्य आयोजन भिवानी में बैडमिंटन की एक नई लहर लेकर आएगा। उन्होंने बताया कि चैंपियनशिप में जिले भर से 200 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया है, जो अपने आप में एक नया रिकॉर्ड स्थापित करता है।
पहले दिन खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन
चैंपियनशिप के पहले दिन जूनियर वर्गों के मुकाबलों में खिलाडिय़ों ने अपनी फुर्ती, सटीक स्मैश और बेहतरीन ड्रॉप शॉट्स से दर्शकों को पूरी तरह मंत्रमुग्ध कर दिया। पहले दिन अंडर-17 आयु वर्ग की सिंगल्स स्पर्धा के बालक वर्ग में हर्ष सिवाच ने वीर सांगवान को शिकस्त दी। वहीं एक अन्य रोमांचक मैच में विश्वजीत तंवर ने हर्ष तंवर को हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। बालक वर्ग की अंडर-15 सिंगल में जयंत चौधरी ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए पर्थ सैनी पर जीत दर्ज की। खुशहाल ने तरुण को और कार्तिक गोयल ने मयंक शर्मा को कड़े मुकाबले में मात देकर अपनी दावेदारी को काफी मजबूत किया।
जूनियर वर्ग में कड़ा मुकाबला जारी
बालक वर्ग की अंडर-13 सिंगल में प्रांशु ने विराज को, दिव्यम ने गीतांक को और युवराज ने ध्रुव लांबा को हराकर अगले दौर का टिकट पक्का किया। इस अवसर पर अनिल सांगवान, मितेश शर्मा, रोहित लोहाच, रोहित भाखर, महेश सिंहमार, सुमित दहिया, मनोज ओहलान, डॉक्टर अतर सिंह, प्रोफेसर पोपली, जगदीश जांगड़ा, पवन मस्ता सहित अनेक खेलप्रेमी मुख्य रूप से मौजूद रहे। आगामी दिनों में यहां सीनियर और मास्टर्स वर्ग के और भी ज्यादा रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे, जिसके लिए खेल प्रेमियों में भारी उत्साह बना हुआ है और स्टेडियम में दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ रही है।

