भिवानी में सैक्टर-13, न्यू हाउसिंग बोर्ड और ईडब्ल्यूएस के निवासियों ने हुडा संपदा अधिकारी को पेयजल, सीवरेज और जलभराव की समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा है। अधिकारी ने समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया है।

अजय सैनी, भिवानी। स्थानीय सैक्टर-13, न्यू हाउसिंग बोर्ड और ईडब्ल्यूएस क्षेत्र के निवासियों ने लंबे समय से चली आ रही पेयजल, सीवरेज और जलभराव की समस्याओं के समाधान हेतु हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) के संपदा अधिकारी हरबीर सिंह से मुलाकात की। नगर परिषद के पूर्व चेयरमैन विजय पंचगावा के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने एक विस्तृत मांग पत्र सौंपा। यह निर्णय 14 जून को आयोजित एक नागरिक बैठक में सर्वसम्मति से लिया गया था। निवासियों ने बताया कि जलापूर्ति की कमी और गुणवत्ता पर चिंता बनी हुई है। उन्होंने मांग की कि जलापूर्ति व्यवस्था को तीन अलग-अलग जोनों में विभाजित किया जाए ताकि वितरण प्रणाली अधिक प्रभावी और पारदर्शी हो सके।

पेयजल आपूर्ति के लिए नई पाइपलाइन

प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि जिन क्षेत्रों में वर्तमान में 3 इंच की पुरानी पाइपलाइनें हैं, वहां सर्वे कराकर 4 इंच व्यास की नई पाइपलाइनें बिछाई जाएं, ताकि पानी अंतिम छोर तक सुचारू रूप से पहुंच सके। इसके साथ ही, निवासियों ने क्षेत्र में वर्तमान जल भंडारण क्षमता को अपर्याप्त बताते हुए अतिरिक्त वाटर स्टोरेज टैंक बनाने पर जोर दिया। उन्होंने आग्रह किया कि चारों बोरवेल को नियमित चालू रखा जाए और बिजली कट के दौरान जनरेटर की सुविधा से पानी की आपूर्ति बाधित न हो। समाजसेवी चिरंजीलाल सांवरिया ने पानी की गुणवत्ता पर जोर देते हुए कहा कि निवासियों को ट्रीटमेंट के बाद ही स्वच्छ पेयजल मिलना चाहिए, जो कि विभाग का मूलभूत दायित्व है।

जलभराव और सीवर सफाई की मांग

बरसात का मौसम नजदीक होने के कारण नागरिकों ने जलभराव की संभावित समस्याओं पर भी गहरा चिंता व्यक्त की है। मांग पत्र में वर्षा ऋतु से पहले जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने और सीवर लाइनों की विशेष सफाई अभियान चलाकर सफाई कराने का आग्रह किया गया है। इसके अतिरिक्त, हुडा मार्केट स्थित बूस्टिंग स्टेशन पर आपातकालीन स्थिति के लिए एक और अतिरिक्त बोरवेल लगाने की मांग भी रखी गई। संपदा अधिकारी हरबीर सिंह ने प्रतिनिधिमंडल की समस्याओं को गंभीरता से सुना और विभागीय स्तर पर शीघ्र समाधान करने का आश्वासन दिया। इस दौरान पार्षद संदीप यादव, सुर्या तंवर, सत्यवान हसान समेत क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक और समाजसेवी उपस्थित रहे।