सस्ते दाम पर जमीन दिलाने और मुनाफे का झांसा देकर हड़पे पैसे, रकम वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप
अजय सैनी, भिवानी। भिवानी के चांग क्षेत्र में जमीन में निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने का झांसा देकर एक व्यक्ति से करीब 3 करोड़ 43 लाख 50 हजार रुपये की बड़ी धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत और पुलिस जांच के बाद थाना सदर भिवानी में 5 आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, आपराधिक षड्यंत्र और जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज किया गया है।
प्रॉपर्टी कारोबार का भरोसा दिलाकर कराया जमीन का सौदा
गुरुग्राम के सेक्टर-5 निवासी शिकायतकर्ता रोहताश कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि आरोपी राजकुमार जांगड़ा और जितेंद्र सहारण प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते हैं और उनका उनसे पुराना परिचय था। दोनों ने उन्हें विश्वास दिलाया कि महम और भिवानी इलाके में उनका प्रॉपर्टी का बहुत बड़ा कारोबार है।
शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपियों ने उन्हें चांग गांव में 35 किल्ला जमीन में से 20 किल्ला जमीन दिलाने का सौदा तय कराया। उनसे 17.15 लाख रुपये प्रति किल्ला की दर से करीब 3.43 करोड़ रुपये में 20 किल्ला जमीन हस्तांतरित करने का इकरारनामा किया गया।
RTGS और नकद के जरिए दी करोड़ों की रकम
शिकायतकर्ता ने बताया कि जमीन के सौदे के एवज में उन्होंने बैंक हस्तांतरण यानी RTGS और नकद मिलाकर करीब 3 करोड़ 43 लाख रुपये से अधिक की राशि आरोपियों को दी। आरोप है कि पैसे लेने के बाद आरोपियों की नीयत बदल गई।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, मई 2023 से फरवरी 2024 के बीच राजकुमार जांगड़ा को 74 लाख 50 हजार रुपये RTGS के माध्यम से दिए गए। इसके अलावा मई 2023 में जितेंद्र सहारण को एक करोड़ 20 लाख रुपये RTGS के जरिए दिए गए। वहीं भिवानी के सेक्टर-23 और अन्य स्थानों पर एक करोड़ 49 लाख रुपये नकद भुगतान करने का भी आरोप लगाया गया है।
बहाने से वापस ली इकरारनामे की मूल प्रति
रोहताश कुमार ने आरोप लगाया कि पैसे लेने के बाद आरोपियों ने उन्हें भिवानी स्थित अपने पुराने निवास पर बुलाया और बहाने से उनसे इकरारनामे की मूल प्रति वापस ले ली, ताकि उनके पास कोई लिखित सबूत न रहे।
इसके बाद शिकायतकर्ता को बिना बताए 20 किल्ला जमीन आरोपी जितेंद्र सहारण की पत्नी स्नेहलता के नाम करवा ली गई।
रकम वापस मांगने पर धमकी देने का आरोप
शिकायतकर्ता ने बताया कि जब उन्हें अहसास हुआ कि उनके साथ धोखाधड़ी हुई है तो उन्होंने अपनी गाढ़ी कमाई के पैसे वापस मांगे। आरोप है कि इसके बाद आरोपी टालमटोल करने लगे और अंततः रकम वापस देने से साफ इंकार कर दिया।
शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपियों ने फोन पर उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की गंभीर धमकियां भी दीं।
5 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज, जांच शुरू
पुलिस ने रोहताश कुमार की शिकायत पर भिवानी निवासी राजकुमार जांगड़ा, अनिता जांगड़ा और युवराज जांगड़ा के अलावा रोहतक निवासी जितेंद्र सहारण और स्नेहलता के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच करने, उनकी राशि वापस दिलाने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई जरूरी है, ताकि भविष्य में कोई अन्य व्यक्ति इस तरह की धोखाधड़ी का शिकार न हो।
आरोपी पर राजनीतिक पहचान का हवाला देने का आरोप
शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी राजकुमार जांगड़ा भाजपा के ओबीसी मोर्चा का सदस्य रह चुका है और स्वयं को एक बड़े राजनेता का करीबी बताता है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



