भिवानी के मिनी बाईपास स्थित मैरिज पैलेस में शनिवार को मेकअप एवं ब्यूटी सेमिनार का आयोजन किया गया। इस सेमिनार में भोपाल से आए कलाकारों ने हॉरर मेकअप की जीवंत प्रस्तुति देकर उपस्थित जनों को हैरान कर दिया।
अजय सैनी, भिवानी। जिले के मिनी बाईपास स्थित मैरिज पैलेस में शनिवार को मेकअप एवं ब्यूटी सेमिनार का आयोजन मिशी प्रोफेशनल्स, महिला उत्थान एवं जल कल्याण समिति व सिमरन ब्यूटीशियन द्वारा किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश व आसपास के क्षेत्रों से करीब ढाई सौ प्रतिभागियों ने भाग लिया।

सेमिनार का आकर्षण मुंबई की चर्चित सेलिब्रिटी खुशी शेख रहीं। भोपाल से आए कलाकारों ने हॉरर मेकअप की जीवंत प्रस्तुति से उपस्थित जनों को आश्चर्यचकित कर दिया। फिल्मी पर्दे पर अक्सर इस तरह के दृश्य देखे जा सकते हैं, लेकिन प्रत्यक्ष रूप से जब दर्शकों ने यह प्रस्तुति देखी तो दांतों तले उंगली दबाने को मजबूर हो गए।
सौंदर्य प्रसाधनों के प्रति जागरूकता
कार्यक्रम के आयोजक यतिन मेहतानी ने बताया कि वर्तमान परिवेश में त्वचा को हानि पहुंचाने वाले सौंदर्य प्रसाधनों से बचने की बेहद जरूरत है। इसी के लिए आम महिला व ब्यूटीशियन को जागरूक करने के लिए सेमिनार का आयोजन किया गया है।
उन्होंने कहा कि अधिकांश सौंदर्य उत्पादों में बेहतर सामग्री का उपयोग होना भी बेहद जरूरी है, ताकि वे किसी भी तरह त्वचा व बालों को नुकसान न पहुंचा सकें। उन्होंने कहा कि सौंदर्य को लेकर महिलाओं में जागरूकता के साथ-साथ प्रसाधनों का सही उपयोग करने के लिए भी जागरूकता होनी चाहिए।

महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प
इस अवसर पर महिला उत्थान समिति के अध्यक्ष सुखपाल सिंह परमार ने बताया कि उनका संगठन महिलाओं के लिए विभिन्न प्रकार के निशुल्क प्रशिक्षण शिविर चलाता है ताकि महिलाएं आत्मनिर्भर बन सकें।
इस अवसर पर सिमरन ने कहा कि वर्तमान परिवेश में महिलाओं को घर की दहलीज लांघकर मुख्यधारा में जुड़ना चाहिए ताकि उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें। उनका कहना था कि महिलाओं के लिए ब्यूटीशियन जैसा प्रशिक्षण आत्मनिर्भर बनाने वाला साबित हो सकता है।

उनके द्वारा प्रशिक्षित अनेक लड़कियां स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ रही हैं, जिससे उनका जीवन स्तर बेहतर हुआ है। कार्यक्रम के दौरान मुंबई की सेलिब्रिटी खुशी शेख का मेकअप और प्रस्तुति मनमोहक रही।

