चौधरी बंसी लाल राजकीय पॉलिटेक्निक, भिवानी के तीन विद्यार्थियों का चयन देश की प्रतिष्ठित गारमेंट कंपनी शाही एक्सपोर्ट्स फरीदाबाद में हुआ है। इस उपलब्धि के साथ ही संस्थान के फैशन डिज़ाइन विभाग ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 में 100% प्लेसमेंट दर्ज किया है।

अजय सैनी, भिवानी। चौधरी बंसी लाल राजकीय पॉलिटेक्निक, भिवानी के फैशन डिज़ाइन एवं फैशन टेक्नोलॉजी विभाग के विद्यार्थियों ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। विद्यार्थियों ने भारत की नंबर-1 परिधान निर्यात कंपनी शाही एक्सपोर्ट्स, फरीदाबाद के प्रोडक्शन विभाग एवं क्वालिटी विभाग में चयन प्राप्त कर संस्थान का नाम गौरवान्वित किया है।

छात्रों को मिला आकर्षक पैकेज

कॉलेज के फैशन डिज़ाइन विभाग की छात्रा प्रिया सिंह तथा फैशन टेक्नोलॉजी विभाग के छात्र विवेक एवं सारांश का चयन ₹3,24,000 प्रतिवर्ष के आकर्षक वार्षिक पैकेज पर हुआ है।

इस उपलब्धि के साथ ही फैशन डिज़ाइन विभाग ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 में 100% प्लेसमेंट का गौरवशाली कीर्तिमान स्थापित किया है, जो संस्थान के लिए अत्यंत गर्व का विषय है। यह उपलब्धि विद्यार्थियों की मेहनत, विभाग के गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण तथा उद्योगों के साथ संस्थान के सुदृढ़ संबंधों का परिणाम है।

कॉलेज में बांटे गए अपॉइंटमेंट लेटर

इस अवसर पर संस्थान की प्राचार्या डॉ. गीता गुलिया, प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट अधिकारी श्री बृज मोहन तथा फैशन डिज़ाइन एवं फैशन टेक्नोलॉजी विभाग के सहायक प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट अधिकारी डॉ. सनी पन्नू ने चयनित विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।

चयनित विद्यार्थियों को कॉलेज द्वारा अपॉइंटमेंट लेटर प्रदान किए गए। इस अवसर पर विद्यार्थियों के साथ उनके माता-पिता भी उपस्थित रहे। यह क्षण विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों के लिए अत्यंत गर्व एवं भावनात्मक रहा।

सभी अधिकारियों ने कहा कि संस्थान का लक्ष्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा के साथ-साथ उत्कृष्ट रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है, ताकि वे उद्योग जगत में अपनी प्रतिभा का श्रेष्ठ प्रदर्शन कर सकें। उन्होंने यह भी विश्वास व्यक्त किया कि यह सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बनेगी।