भिवानी। हरियाणा के भिवानी में सर्कुलर रोड स्थित हनुमान गेट के पास देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें कार और ई-रिक्शा की टक्कर से एक 40 वर्षीय महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान पतराम गेट क्षेत्र निवासी निशा के रूप में हुई है, जो दो बच्चों की मां थी।
कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के अनुसार, वीरवार देर शाम निशा किसी काम से ई-रिक्शा में सवार होकर जा रही थीं। जैसे ही वाहन दिल्ली–पिलानी नेशनल हाईवे से सटे सर्कुलर रोड, हनुमान गेट के पास पहुंचा, तभी सामने से आ रही एक कार ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि ई-रिक्शा सड़क पर पलट गया और निशा के सिर में गंभीर चोट लग गई।
अस्पताल पहुंचने के बाद भी नहीं बच सकी जान
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से निशा को गंभीर हालत में जिला नागरिक अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार देने की कोशिश की, लेकिन उनकी हालत लगातार बिगड़ती गई और इलाज के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलने पर जैन पुलिस चौकी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच अधिकारी एचसी उधम सिंह ने बताया कि परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इलाके में शोक का माहौल
इस हादसे के बाद पतराम गेट क्षेत्र में शोक की लहर है। दो बच्चों की मां की अचानक हुई मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

